अनुपस्थित रहने पर 13 कर्मियों की सेवा समाप्त
बुलंदशहर। उप्र परिवहन निगम में बिना सूचना लगातार अनुपस्थित चलने पर 13 संविदा कर्मियों की सेवा समाप्त करने का आदेश जारी कर दिया है। साथ ही एआरएम ने अन्य कर्मियों को बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर कार्रवाई की चेतावनी दी हैं।
जिले में रोडवेज में कार्यरत अधिकांश संविदा चालक-परिचालक काम पर ही नहीं पहुंच रहे हैं। वहीं, कई ऐसे भी कर्मी है जो लंबे समय से बिना सूचना के अनुपस्थित चल रहे हैं। ऐसे लापरवाह कर्मियों के खिलाफ उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एआरएम धीरज सिंह पंवार ने बताया कि प्रतिमाह कर्मियों की उपस्थिति चेक की जाती है, जो अनुपस्थित मिलता है संबंधित को ड्यूटी पर आने का निर्देश दिया जाता है। इसके बावजूद कुछ कर्मी बिना सूचना अनुपस्थित रह रहे हैं। ऐसे कर्मियों की सूची तैयार करवाई गई है। बताया कि बिना कारण अनुपस्थित रहने पर 10 चालक और तीन परिचालक की सेवा समाप्त करने के आदेश जारी कर दिए हैं। भविष्य में समय से ड्यूटी पर उपस्थित न होने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।