जनौरा ग्राम पंचायत के निवर्तमान प्रधान को कारण बताओ नोटिस
बुलंदशहर। गांव के विकास कार्यों और शौचालय निर्माण में अनियमितता सामने आने पर ग्राम पंचायत जनौरा के निवर्तमान प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यह कार्रवाई ग्रामीणों की शिकायत पर कराई गई जांच रिपोर्ट मिलने पर की गई है। नोटिस का जवाब न मिलने पर विभागीय कार्रवाई होने के साथ रिकवरी भी हो सकती है।
जिला पंचायत राज अधिकारी नंदलाल ने बताया कि गत दिनों ग्राम पंचायत जनौरा के ग्रामीण गोपाल आदि ने शिकायत देकर गांव में हुए विकास कार्यों और शौचालय निर्माण में अनियमितता बरतने का आरोप लगाया गया। शिकायत मिलने पर इसकी जांच करवाई गई। जांच अधिकारी की जांच रिपोर्ट में लगाए गए आरोप सही पाए गए। उन्होंने बताया कि जांच में खुलासा हुआ है कि गांव में 242 शौचालय बनाए गए। इनमें से 10 शौचालयों के निर्माण में अनियमितता पाई गई है। खड़ंजा निर्माण में आंकलन से अधिक राशि का भुगतान किया जाना पाया गया है। गांव में वृहद सफाई अभियान में खर्च की गई राशि के अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए गए। गांव के श्मशान घाट का सुंदरीकरण कराया गया, लेकिन जांच में वहां लगी बैंच क्षतिग्रस्त पाई गई हैं। जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि निवर्तमान प्रधान और ग्राम सचिव द्वारा अपने दायित्वों का दुरुपयोग किया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद निवर्तमान प्रधान को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। यदि प्रधान द्वारा जवाब नहीं दिया जाता है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी। इसके अलावा रिकवरी भी की जाएगी। साथ ही ग्राम सचिव से इस बारे में पूरी जानकारी लेने के लिए जल्द ही तलब किया जाएगा।