जीतगढ़ी शराब कांड के मुख्य आरोपी टिंकू- मिंकू ने नोएडा में किया सरेंडर
बुलंदशहर: जीतगढ़ी शराब कांड के मुख्य आरोपी टिंकू और मिंकू ने गौतमबुद्ध नगर न्यायालय में सरेंडर कर दिया है। जबकि, घटना के बाद से ही जनपद पुलिस दोनों आरोपियों को पकड़ने का दावा करती रही। पुलिस के अनुसार इन दोनों आरोपियों ने ही जीतगढ़ी गांव में जहरीली शराब की खेप पहुंचाई थी, जिसे पीने के बाद सात लोग काल के गाल में समा गए थे। अब जनपद पुलिस पूछताछ के लिए दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेगी।
बीते आठ जनवरी को कोतवाली क्षेत्र के गांव जीतगढ़ी में जहरीली शराब के सेवन से सरजीत, कलुआ, सतीश, पन्नालाल, सुखपाल और भगवत की मौत हो गई थी। जबकि, 21 लोगों की हालत बिगड़ने पर उन्हें उपचार के लिए जनपद के अलावा मेरठ और नोएडा में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था।
अस्पताल से घर लौटने के बाद 27 जनवरी को प्रेम सिंह की भी मौत हो गई थी। वहीं संजय, लक्ष्मण, गजे सिंह की आंखों की रोशनी प्रभावित हो गई थी। पुलिस ने मृतक सतीश के भाई देवी प्रसाद की तहरीर पर गांव निवासी कुलदीप, मुकेश, यादराम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। जांच के दौरान पुलिस ने मामले में 13 और अन्य को आरोपी बनाया था। खुर्जा नगर क्षेत्र के गांव आसिफपुर नगलिया निवासी मिंकू, टिंकू पुत्रगण ज्वाला सिंह को जीतगढ़ी में जहरीली शराब की खेप भेजने का मुख्य आरोपी बनाया था। दस जनवरी को पुलिस ने नोएडा के कासना में छापा मारकार मिंकू, टिंकू द्वारा संचालित अवैध शराब की फैक्टरी का फंडाफोड़ किया था। अवैध शराब फैक्टरी से पुलिस ने 37 पेटी अवैध शराब की बरामदगी की थी। वहीं मामले में आरोपी बनाया गया प्रदीप फैक्टरी में मृत मिला था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को घटना के एक सप्ताह के अंदर ही जेल भेज दिया था। वहीं, फरारी के चलते पुलिस ने आरोपी मुकेश, यादराम, मिंकू, टिंकू पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने आरोपी मुकेश, यादराम को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घटना के बाद से आरोपी मिंकू, टिंकू पुलिस को चकमा दे रहे थे।
सिकंदराबाद कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार बालियान ने बताया कि आरोपी मिंकू और टिंकू ने मंगलवार को गौतमबुद्ध नगर न्यायालय में सरेंडर कर दिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के लिए उन्हें रिमांड पर लेगी।
एसपी सिटी ने बताया कि दोनों आरोपियों के गौतमबुद्धनगर के न्यायालय में सरेंडर करने की जानकारी मिली है। कोर्ट से कस्टडी रिमांड पर लेकर दोनों आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।