वीडियो प्रकरण : आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज, लैब भेजी गई वीडियो
बुलंदशहर। गुलावठी थाना क्षेत्र में बीते दिनों एक निजी चिकित्सक और युवती का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। मामले में अब पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वीडियो को जांच के लिए आगरा लैब भेज दिया है। साथ ही आसपास के क्षेत्र में वीडियो में नजर आ रही युवती की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।
गत दिनों करीब तीन-तीन मिनट के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। इसमें एक युवक व एक युवती आपत्तिजनक हालत में है। वीडियो में नजर आ रहा युवक गुलावठी का ही एक निजी चिकित्सक बताया जा रहा है, जबकि युवती की शिनाख्त नही हो सकी है। वीडियो वायरल होने के बाद कुछ लोगों ने पुलिस पर भी आरोप लगाने शुरू कर दिए थे, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। हालांकि हिंदू संगठन से जुड़े लोगों ने आला अफसरों को ज्ञापन देकर मामले की जांच करवाने की मांग की थी। साथ ही कहा कि, धर्म विशेष के युवक के साथ दूसरे समाज की युवती वीडियो में नजर आ रही है। जिसे बहला फुसला कर ऐसा किया गया है। कोतवाली गुलावठी इंस्पेक्टर सचिन मलिक ने बताया कि इस संबंध में उनके द्वारा आईटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वायरल वीडियो की सीडी जांच के लिए लैब में भेज दी है। उधर, शुरुआती जांच पड़ताल में वीडियो में जो युवक नजर आ रहा है, वह भी अभी साबित नहीं हो सका है। वीडियो में जैसा कमरा नजर आ रहा है, उस तरह का कमरा भी गुलावठी में नहीं है। महिला आसपास के गांव की बताई जा रही है।