कृषि कानून रद्द होने चाहिए : कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा
बुलंदशहर। कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा उर्फ मोना ने कहा देश की खुशहाली का रास्ता खेत से होकर जाता है। कांग्रेस किसानों के साथ है और हमेशा साथ रहेगी। किसान हित में केंद्र सरकार को तीनों कृषि कानून को रद्द करना चाहिए।
आराधना मिश्रा उर्फ मोना शुक्रवार को नगर में कांग्रेस के एआईसीसी सदस्य एवं प्रदेश प्रवक्ता श्यौपाल सिंह के निवास पर पहुंची, जहां उन्होंने प्रेसवार्ता भी की। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ जाति और धर्म की राजनीति करती है। सड़क पर बैठे किसान इन्हें नहीं दिख रहे हैं। 2022 तक किसानों की आय दुगनी करने की बात भी किसी के गले से नहीं उतर रही। उन्होंने कहा इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि जब कच्चे तेल के दाम सस्ता हुए और पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ाए जा रहे हैं। श्यौपाल सिंह ने कहा कि कृषि कानून किसानों को ही नहीं, बल्कि आम आदमी को भी बर्बाद कर देगा। यह कानून चंद पूंजीपतियों के लिए बनाया गया है। हरेंद्र अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस को एकजुट होकर काम करना होगा। हापुड़ के पूर्व विधायक गजराज सिंह ने कहा कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों के साथ है और साथ रहेगी। संगठन सर्जन प्रभारी असलम खुर्शीद ने कहा उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है। जंगल राज कायम हो चुका है। मेरठ मंडल की सचिव रीना शर्मा ने कहा महिलाओं का रसोई का बजट सरकार ने बिगाड़ दिया है। इस मौके पर रेखा शर्मा, देवेंद्र राजा, महेश शास्त्री, सुशील चौधरी, सलाम खान, आस मोहम्मद खान, राकेश भाटी, शकील अहमद, किशन चौधरी, कर्मवीर सिंह सिरोही और डॉ. अशोक सोलंकी आदि मौजूद रहे।