ट्रक ने टेंपो को मारी टक्कर, दो की मौत, छह घायल
बुलंदशहर। कोतवाली देहात की चोला चौकी क्षेत्र में बुलंदशहर-ककोड़ मार्ग पर ट्रक ने सवारियों से भरे टेंपो में टक्कर मार दी। हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, महिलाओं और बच्चों सहित छह लोग घायल हो गए। इनमें से एक महिला और टेंपो चालक की हालत नाजुक बनी हुई है। जिला अस्पताल से टेंपो चालक और एक महिला व बच्चों को मेरठ मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है।
बुलंदशहर से ककोड़ के लिए शुक्रवार दोपहर को तौसीफ पुत्र हारुन टेंपो में सवारी भरकर जा रहा था। जैसे ही वह टेंपो लेकर सिखेड़ा गांव के पास पहुंचा सामने से आ रहे ट्रक ने सवारियों से भरे टेंपो में टक्कर मार दी। हादसे के बाद सवारियों से भरा टेंपो पलट गया। आसपास के लोगों ने टेंपो सीधा किया और सवारियों को बाहर निकाला। हादसे में मौके पर ही 45 वर्षीय नवाब पुत्र भूरे निवासी साबौता थाना जेवर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जिला अस्पताल पहुंचने से पूर्व ही यासीन पुत्र गफूर निवासी ककोड़ की भी मौत हो गई। पुलिस ने उनके परिजनों को सूचित कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। हादसे में टेंपो चालक तौसीफ के दोनों पैर की हड्डियां टूट गईं और टेंपो में सवार राजकुमार पत्नी संजय व उसके बेटे सात वर्षीय अनुज व पांच वर्षीय सनुज निवासी गांव भैंसाखुर थाना अगौता और रामभूली पत्नी रिड़कू निवासी काशी सैदपुर मोदीनगर, बाला पत्नी राजू निवासी पांचली कोतवाली देहात भी घायल हो गए। इनमें से तौसीफ और राजकुमारी की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है।
नरेंद्र कुमार शर्मा, देहात कोतवाल = सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है, जिनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां से गंभीर घायलों को हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है। ट्रक चालक फरार है, तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।