शादी-समारोह में शामिल लोगों की होगी कोरोना जांच
बुलंदशहर। शादी-समारोह में शामिल लोगों की अब कोरोना जांच की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री और अपर मुख्य सचिव ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। स्वास्थ्य अफसरों ने टीम को शादी-समारोह पर नजर रखने और कोरोना जांच करने के निर्देश दिए हैं।
सर्दी बढ़ने पर कोरोना संक्रमण का असर बढ़ गया है। वहीं कोरोना से बचाव के लिए जारी गाइड लाइन का लोग पालन भी नहीं कर रहे हैं। शासन ने कोरोना गाइड लाइन का पालन कराने के साथ ही भीड़ वाले क्षेत्रों में कोविड-19 की जांच करने के निर्देश दिए हैं। सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर ने बताया कि कोरोना संक्रमण रोकने के लिए जांच की संख्या बढ़ाई गई है। कोरोना का सबसे अधिक खतरा शादी-समारोह से जुड़े लोगों से है। मैरिज होम, कैटरिंग, फूल, बिजली, सजावट, बैंड पार्टी, आर्केस्ट्रा आदि से जुडे़ लोगों की अब कोरोना जांच करवाई जाएगी। ताकि संक्रमित की पहचान हो सके और कोरोना की चेन को तोड़ा जा सके।
एक शादी-समारोह में नौ लोग मिले पॉजिटिव - एसीएमओ/नोडल अधिकारी डॉ. रोहताश यादव ने बताया कि शादी-समारोह में कोरोना की जांच शुरू कर दी गई है। शुक्रवार को टीम द्वारा शिकारपुर क्षेत्र में आयोजित हो रहे एक शादी समारोह में शामिल लोगों की जांच की गई। इस दौरान शादी-समारोह में शामिल नौ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।