विवाहिता की जलाकर हत्या की कोशिश, पीड़िता ने लगाई गुहार
बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता की ससुरालीजनों ने दहेज की खातिर जलाकर हत्या की कोशिश की। विवाहिता दिल्ली के एक अस्पताल में 80 प्रतिशत झुलसी हुई अवस्था में जिंदगी और मौत से जंग लड़ रही है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है, लेकिन खुलेआम घूम रहे आरोपियों को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। पीड़ित परिजनों ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
गौतमबुद्धनगर के थाना बिसरख क्षेत्र के गांव चिपियाना बुजुर्ग निवासी गिरवर सिंह ने बुधवार को डीएम और एसएसपी को शिकायती पत्र भेजा, जिसमें बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री सोनिया का विवाह फरवरी 2016 में देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव कादलपुर निवासी युवक प्रवीन पुत्र विरेंद्र के साथ की थी। ससुरालीजन शादी में मिले दहेज से खुश नहीं थे। वह दहेज के रूप में कार व नकदी की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर आरोपी उनकी पुत्री का उत्पीड़न कर रहे थे। आरोप है कि गत 29 अक्तूबर की रात को आरोपी ससुरालीजनों ने उनकी पुत्री के साथ मारपीट की और आग लगाकर उसकी हत्या की कोशिश की। जिसमें वह 80 प्रतिशत तक झुलस गई। उसका फिलहाल दिल्ली के एक अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले में आरोपी ससुरालीजनों के खिलाफ उसी दौरान रिपोर्ट दर्ज करा दी गई थी। आरोप है कि पुलिस ने अभी तक आरोपी ससुरालीजनों की गिरफ्तारी नहीं की है। आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिस पर अफसरों ने पीड़ित परिजनों को उचित कार्रवाई व निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।