मंदिरों में चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार
बुलंदशहर। गुलावठी थाना पुलिस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मंदिरों में चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों जावेद, शेर खान और इमरान को दबोच कर सोने एवं चांदी के लगभग पांच लाख रुपये का सामान भी बरामद किया है। आरोपियों ने मेरठ, बुलंदशहर, गाजियाबाद आदि जनपदों के मंदिरों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि गुलावठी थाना पुलिस मिट्ठेपुर तिराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। उसी समय एक बाइक पर तीन युवक आए और उन्होंने पुलिस को देखकर बाइक मोड़ ली और भागने लगे। बाद में पुलिस ने तीनों को कुछ दूरी पर घेराबंदी कर दबोच लिया। आरोपियों के पास से एक मंदिर से चोरी किया गया छत्र मिला। इस बारे में सख्ती से पूछा गया तो आरोपियों ने स्वीकार किया कि वह मंदिरों में चोरी करते हैं। पूछताछ में आरोपियों की शिनाख्त जावेद उर्फ सोनू पुत्र इकरामुद्दीन निवासी गांव निडौरी थाना मसूरी जनपद गाजियाबाद, शेरखान पुत्र पुन्ना निवासी मोहल्ला नई बस्ती पिरान कलियर शरीफ जिला हरिद्वार उत्तराखंड मूल निवासी गांव भोजाहेड़ी थाना पुरकाजी, इमरान पुत्र ईशाक निवासी मोहल्ला रफीकनगर मजीदपुरा थाना शहर कोतवाली हापुड़ के रूप में हुई। साथ ही पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने चांदी की मूर्ति, मुकुट, छत्र, त्रिशूल, बांसुरी आदि सामान बरामद किया है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने गुलावठी के पंचायती मंदिर, सिकंदराबाद थाना क्षेत्र के श्वेतांबर जैन मंदिर, मेरठ के परतापुर थानाक्षेत्र के रिठानी स्थित मंदिर, गाजियाबाद के मोदीनगर के जैन मंदिर में चोरी की है। पुलिस को इन्हीं चार मंदिरों का चोरी किया गया सामान भी बरामद हुआ है।
----------
आरोपियों के पास से यह समान हुआ बरामद
आरोपियों के पास से पुलिस ने एक बड़ा छत्र सफेद धातु, दो छोटे छत्र पीली धातु, तीन बडे़ मुकुट सफेद धातु, एक छोटा मुकुट सफेद धातु, एक त्रिशूल सफेद धातु, एक बांसुरी सफेद धातु आदि बरामद किए हैं। इसके अलावा दो तंमचे 315 बोर, तीन कारतूस और एक छुरी समेत एक सीडी डीलक्स मोटर साइकिल भी बरामद किया गया है।