कार्रवाई न होने से खफा सभासद फिर देने पहुंचे इस्तीफा
बुलंदशहर। नगर पंचायत बीबीनगर के सभी दस सभासद एक बार फिर से अपने-अपने त्यागपत्र देने के लिए कलक्ट्रेट पहुंचे। सभासदों ने चेयरमैन और लिपिक पर अनियमितता का आरोप लगाते हुए डीएम से जांच कर कार्रवाई की मांग की है। सभासदों की मांग पर एडीएम प्रशासन ने मामले में जांच बैठा दी है।
बता दें कि 24 अगस्त को नगर पंचायत बीबीनगर के वार्ड 1 से राजकुमार, वार्ड 2 से प्रेमवती, वार्ड 3 से सपना शर्मा, वार्ड 4 से अन्नू राठी, वार्ड 5 से मोहित, वार्ड 6 से अजीत चौधरी, वार्ड 7 से सरिता देवी, वार्ड 8 से अमरपाल सिंह, वार्ड 9 से कुलदीप शर्मा, वार्ड 10 से अजंता देवी अपने सभासद पद से त्यागपत्र देने के लिए कलक्ट्रेट पहुंचे थे। सभासदों ने चेयरपर्सन उनके पुत्र और नगर पंचायत में तैनात एक लिपिक पर अनियमितता के आरोप लगाते हुए त्याग पत्र एडीएम प्रशासन को दिए थे। एडीएम प्रशासन ने सभासदों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं होने के कारण सोमवार को एक बार फिर से सभासद कलक्ट्रेट पहुंचे और डीएम से मुलाकात की। डीएम ने एडीएम प्रशासन को प्रकरण को निस्तारण के निर्देश दिए हैं। एडीएम ने जांच के आदेश देते हुए सभासदों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
वार्ड 5 के सभासद मोहित ने आरोप लगाया कि मासिक बैठक भी अपनी मर्जी से ही करते हैं। जबकि जो निर्धारित समय है उस पर नही करते। बैठक में सभासदों द्वारा दिए गए प्रस्तावों को बदल दिया जाता है। किसी से भी विचार विमर्श नही किया जाता है। आरोप लगाया कि चेयरमैन का पुत्र ईओ की कुर्सी पर बैठ जाता है, जो कि प्रोटोकाल के हिसाब से गलत है। पुत्र भी अन्य कर्मियों और सभासदों से अभद्रता करता है।