अरनियां पुलिस द्वारा पकड़े गए चोरी के कंटेनर चालक से पूछताछ करते एसएसपी।
- फोटो : BULANDSHAHR
पंजाब से चोरी कंटेनर की टक्कर से हुई थी महिला की मौत
बुलंदशहर। अरनिया थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम को बाइक सवार दंपती को एक कंटेनर ने रौंद दिया था, जिसमें महिला की मौत हो गई थी। पुलिस ने शुक्रवार सुबह कंटेनर चालक को दबोच लिया। साथ ही कंटेनर व आरोपी के पास से अवैध असलहा भी बरामद किया है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने यह कंटेनर बुधवार को पंजाब से चोरी किया था, जिसे लेकर वह अपने गांव जा रहा था।
एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि गौतमबुद्धनगर के थाना रबुपुरा के गांव रौनिजा निवासी मनवीर सिंह पुत्र बबुआ सिंह बृहस्पतिवार को अपनी पत्नी परवीन देवी के साथ बाइक से गांव बलराऊ से अलीगढ़ के गांव जहराना की तरफ जा रहे थे। जब वह शाम करीब पांच बजे अरनिया ब्लॉक के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार अनियंत्रित अज्ञात कंटेनर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में परवीन देवी की मौके पर ही मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया था। बृहस्पतिवार देर रात अरनिया थाने पर तैनात उपनिरीक्षक विजय सिंह पुलिस टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि सड़क दुर्घटना में वांछित कंटेनर व उसका चालक रनियावली मंदिर के निकट सर्विस रोड पर मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को दबोच लिया। साथ ही उसके पास से अवैध हथियार भी बरामद किया है। आरोपी की शिनाख्त विकास पुत्र सुभाष चंद निवासी मोहल्ला थारापूठा थाना रामगढ़ जनपद फिरोजाबाद के रूप में हुई। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने यह कंटेनर पंजाब के डेरावासी थाना क्षेत्र से बुधवार रात में चोरी किया था। जिसे वह लेकर अपने गांव जा रहा था। रास्ते में सड़क दुर्घटना के बाद उसने कंटेनर को रनियावली मंदिर के पास खड़ा कर दिया था। कंटेनर चोरी का मामला भी पंजाब के डेरावासी थाने में दर्ज है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।