कोरोना काल में मोबाइल यूनिट वैन बन रही मददगार
बुलंदशहर। कोरोना संक्रमण बढ़ने पर मोबाइल यूनिट वैन विभाग की मददगार बन रही हैं। मोबाइल यूनिट टीम नगर में संक्रमित क्षेत्रों में संक्रमित के संपर्क में आने वालों का सैंपल ले रही हैं। रूट चार्ट के अनुसार और ऑनकॉल आने पर टीम संबंधित क्षेत्र में पहुंच रही है। इसकी मॉनिटरिंग के लिए एक एसीएमओ नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं।
सरकारी चिकित्सालयों के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम अभी लोगों के कोरोना जांच के लिए सैंपल लेने का कार्य कर रही थी लेकिन अक्सर टीम के संक्रमित होने का डर लगा रहता था। वहीं, मुख्यालय के निर्देश पर विभाग द्वारा जनपद में कोरोना संदिग्धों के सैंपल लेने के लिए मोबाइल टीमों को भी उतारा गया हैं। मोबाइल यूनिट वैन (चलित अस्पताल) वाहन में सैंपल लेने के साथ टीम के संक्रमित के संपर्क में आने से बचने की पूरी व्यवस्था है। टीम प्रभारी विशाल शर्मा ने बताया कि उच्च अफसरों से मिले आदेश के अनुसार और संक्रमित एरिया के अलावा ऑनकॉल भी सुविधा दी जा रही है। नगर में प्रतिदिन चार से अधिक सार्वजनिक स्थानों के साथ अन्य क्षेत्र में कोरोना संदिग्धों के सैंपल कलेक्शन कर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। अब तक मोबाइल यूनिट वैन टीम एक हजार से अधिक लोगों के सैंपल जांच के लिए भेज चुकी है। शुक्रवार को कलक्ट्रेट परिसर में कोरोना संदिग्धों के साथ आम लोगों के सैंपल लेकर जांच को भेजे गए।
मोबाइल यूनिट वैन के नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. नरेश गोयल ने बताया कि नगर के जिन क्षेत्रों में कोरोना संक्रमित मिलते जा रहे हैं, उन क्षेत्रों में संपर्क में आने वालों के सैंपल मोबाइल यूनिट टीम ले रही हैं। इससे सैंपल कलेक्शन सेंटरों पर दबाव कम है और सहूलियत भी। बताया कि अगर किसी क्षेत्र से ऑनकॉल मोबाइल यूनिट वैन की मांग की जाती है तो मोबाइल यूनिट वैन को संबंधित क्षेत्र में भेज दिया जाता है।