सीएचसी में लगातार हो रही लापरवाही, अफसर बनें अनजान
बुलंदशहर। लखावटी सीएचसी पर लगातार लापरवाही के मामले सामने आने के बाद भी स्वास्थ्य अफसर मेहरबान हैं। कार्रवाई न होने से सीएचसी में लगातार अवैध वसूली की जा रही है। प्रसूताओं को भर्ती करने, गोल्डन कार्ड बनाने और दवाओं के नाम पर अवैध वसूली के कई मामले सामने आ चुके हैं। जिसके विरोध में शनिवार को भाकियू किसानों ने घेराव कर कार्रवाई की मांग की। जिसके बाद भी अफसर चुप्पी साधे हुए हैं।
लखावटी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रतिदिन करीब 100 मरीज प्राथमिक उपचार के लिए आते रहते हैं। लेकिन केंद्र पर अक्सर चिकित्सकों के न होने पर मरीजों को घंटो इंतजार करना पड़ता है। चिकित्सकों के न आने पर मरीजों को बैरंग लौटना पड़ रहा। वहीं, प्रसूताओं को खाना न बांटना और भर्ती करने के नाम पर अवैध वसूली का मामला भी उजागर हो चुका है। साथ ही एआरवी लगवाने के नाम पर बाजार से सिरिंज मंगवाना और दवाएं होने के बाद भी मरीजों के न देने की शिकायतें आ चुकी है। वहीं, गत वर्ष दवाईयां जलाने का मामला भी उजागर हो चुका है। इसके बाद भी अफसर कार्रवाई के नाम पर चुप्पी साधे हुए हैं।
15 दिन में लगातार तीन मामले आ चुके हैं सामने
शनिवार को केंद्र पर भाकियु किसानों ने नेत्र टेक्नीशियन द्वारा चश्मा बनाने के नाम पर सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगा विरोध प्रदर्शन किया। जिसके प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद भी स्वास्थ्य अफसर अनजान बने बैठे हैं। जबकि इससे पूर्व चार मार्च को लखावटी स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक समेत स्टाफ नदारद और पांच मार्च को गोल्डन कार्ड के नाम पर कर्मचारी मांग रहे पैसे शीर्षक से समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया जा चुका है। इन दोनों मामलों पर भी अफसर कार्रवाई के नाम पर चुप्पी साधे हुए हैं।
कोट
मामले की जानकारी के लिए सीएमओ को निर्देश दिए जाएंगे। अगर लापरवाही बरती जा रही है तो संबंधित मामले की जांच करा कार्रवाई की जाएगी। - रवींद्र कुमार, एडीएम प्रशासन
मामला संज्ञान में है। अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है, समाचार पत्रों को संज्ञान में लेकर जांच कराई जाएगी। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई होगी। - डॉ. केएन तिवारी, सीएमओ