मुंबई के युवक पर किशोरी के अपहरण का आरोप
बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र निवासी एक किशोरी गत 14 फरवरी को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। खोजबीन के बाद परिजनों को जानकारी हुई कि उनकी पुत्री को मुंबई निवासी एक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामले में देहात कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि वह खेतीबाड़ी कर अपना व परिवार का पालन पोषण करता है। उसकी 15 वर्षीय पुत्री गत 14 फरवरी को किसी समय घर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। काफी देर तक घर में दिखाई न देने पर परिजनों को इस बाबत जानकारी हुई, जिसके बाद परिजनों ने उसकी छानबीन शुरू कर दी। नाते-रिश्तेदारियों व उसकी सहेलियों से पूछताछ की गई। लेकिन, कोई सुराग नहीं लग सका। वहीं, अब परिजनों को जानकारी हुई कि उनकी पुत्री को मुंबई के उल्लासनगर 4 ईस्ट डीटीसी ग्राउंड वाल्मिकी नगर सेक्टर 30 बैरक नंबर 1508 निवासी युवक विनय बहला-फुसलाकर अपहरण कर ले गया है। जानकारी होते ही परिजनों ने इस संबंध में देहात कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। देहात कोतवाल अखिलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी युवक को दबोच कर किशोरी को बरामद कर लिया जाएगा।