ड्रग इंस्पेक्टर ने छापा मारकर खांसी जब्त की खांसी की दवा
बुलंदशहर। बीमारी में राहत देने की जगह मौत का कारण बन रही कोल्ड बेस्ट पीसी सिरप की जब्ती को रविवार रात अभियान चलाया गया। हापुड़ और बुलंदशहर की टीम द्वारा नगर में संयुक्त अभियान चलाकर 82 सिरप बरामद कर जब्त की गई। जब्त की गई सीरप बच्चों को बुखार, खांसी, जुकाम आदि बीमारी से छुटकारा दिलाने के लिए दी जा रही थी। टीम ने सीरप जब्त कर सैंपल जांच को भेजा हैं।
कोल्ड बेस्ट पीसी सीरप का सेवन करने से जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में कई बच्चों की मौत हो चुकी है। जिसके बाद जम्मू कश्मीर स्टेट कंट्रोलर द्वारा संबंधित सीरप पर पाबंदी लगाने के लिए देश के कई राज्यों को पत्र भेजा था। विभागीय अफसरों की मानें तो जिले में संबंधित बैच नंबर डीएल 520 की जिले में करीब 168 बोतलों सप्लाई हुई थी। सप्लाई मिलने पर मेडिकल एजेंसी द्वारा सभी बोतलों को आगे सप्लाई कर दिया गया। ड्रग कंट्रोलर उप्र द्वारा संबंधित बैच नंबर की सिरप पर बिक्री न करने के आदेश दिए जाने पर रविवार को टीम द्वारा नगर क्षेत्र में छापे मारे गए। इस दौरान टीम ने करीब 82 बोतलों को मेडिकल स्टोर की दुकानों से जब्त कर लिया गया। वहीं, शेष बोतलों को भी संबंधित व्यापारियों से वापस मंगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा टीम ने संबंधित बैच और दूसरे बैच की बोतलों के नमूने लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जा रहा है। ड्रग औषधि विभाग के अफसरों ने कोल्ड बेस्ट पीसी सीरप का सेवन न करने की अपील की है। जिससे बच्चों को बीमार होने से बचाया जा सके। साथ ही जांच रिपोर्ट न आने तक सीरप की बिक्री पर भी रोक लगा दी है। इस दौरान छापेमारी में ड्रग इंस्पेक्टर हापुड़ लवकुश प्रसाद टीम के साथ मौजूद रहे।
सिरप में डाइथिलेन ग्लाइकोल होने का दावा
ड्रग औषधि विभाग के अफसरों का कहना है कि हिमाचल प्रदेश के कालाआम स्थित डिजिटल विजन नामक कंपनी द्वारा बच्चों की खांसी, जुकाम, बुखार के लिए सीरप बनाया था। पीजीआई समेत कई अन्य अफसरों की जांच रिपोर्ट द्वारा सीरप के अंदर डाइथिलेन ग्लाइकोल होने का दावा किया गया। इस केमिकल की वजह से बच्चों की सेहत पर दुष्प्रभाव पड़ रहा था। जिसका सेवन करने से जम्मू कश्मीर के ऊधमपुर में कई बच्चों की मौत हो गई। राज्य दवा नियंत्रक के निर्देश पर बुलंदशहर समेत प्रदेश के विभिन्न जनपदों में छापेमारी की जा रही है। जम्मू-कश्मीर स्टेट ड्रग कंट्रोलर ड्रग्स एंड फूड कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन की शिकायत के आधार पर ही दवा को जब्त किया जा रहा है।
------------
कोल्ड बेस्ट पीसी सिरप का सेवन करने से जम्मू-कश्मीर में कई बच्चों की मौत हो चुकी है। ड्रग कंट्रोलर के आदेश पर नगर की मेडिसिन मार्केट में मेडिकल एजेंसी पर छापा मार कर संबंधित बैच नंबर की 82 बोतलें बरामद कर जब्त कर ली गई हैं। साथ ही दो अलग-अलग बैच की दवाओं का सैंपल जांच के लिए लैब भेजा गया है।
- दीपालाल, जिला औषधि इंस्पेक्टर