विवाहिता की दुष्कर्म के बाद हत्या, रिपोर्ट दर्ज
अनूपशहर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ नंदोई द्वारा दुष्कर्म करने और पति के साथ मिलकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने आरोपी पति और नंदोई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
जनपद संभल के एक गांव निवासी पीड़ित पिता ने अनूपशहर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसने अपनी पुत्री की शादी 17 मई 2019 को क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ की थी। शादी में हैसियत के अनुसार दान दहेज दिया था, लेकिन आरोपी ससुरालीजन शादी में मिले दहेज से खुश नहीं थे। वह और दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उनकी पुत्री का उत्पीड़न किया जा रहा था। जिसकी जानकारी विवाहिता ने अपने परिजनों को दी। उन्होंने सुसरालीजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़े रहे। विवाहिता के परिजनों ने आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार शाम को पति की शह पर आरोपी नंदोई ने अतिरिक्त दहेज न मिलने पर विवाहिता के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। बाद में आरोपियों ने विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी। आरोप है कि नंदोई पहले भी विवाहिता के साथ अश्लील हरकतों को अंजाम दे चुका है। कोतवाली पुलिस ने संदिग्ध हालत में मौत की जानकारी मिलने पर शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया था। विवाहिता के मायके वालों ने आरोपी जीतू व सुखवीर के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मिथलेश उपाध्याय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही दोनों आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।