अब माइक्रो चिप और क्यूआर कोड से लैस होंगे आरसी के पेपर
बुलंदशहर। अब वाहनों के आरसी (रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट) पेपर में किसी तरह से फर्जीवाड़ा नहीं हो सकेगा। फर्जीवाड़ा रोकने के लिए परिवहन विभाग ने आरसी में सिक्योरिटी फीचर से जोड़ने की योजना बनाई है। इसके लिए आरसी पेपर में क्यूआर कोड समेत एक माइक्रो चिप लगा होगा, जो न तो फोटो स्टेट में आएगा और न ही स्कैन द्वारा कॉपी किया जा सकेगा। विभागीय अफसरों ने इस योजना के आगामी वित्तीय वर्ष में शुरू होने की संभावना जताई है।
वाहनों की आरसी (रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट) को अभी तक जालसाज आसानी से बदल लेते थे, जिसमें नाम से लेकर अन्य बदलाव कर कई बार चोरी की गाड़ी को बेच देते थे। वहीं, कुछ जालसाज आरसी के नाम पर क्लेम लेने, कोर्ट में जमानत के लिए भी प्रयोग कर लेते थे। जिसके बाद में फर्जी होने का खुलासा होने पर संबंधित अपने आप को ठगे होने का अहसास करते थे और विभिन्न परेशानियों का सामना भी कर रहे थे। लेकिन अब आरसी के पेपर को परिवहन विभाग द्वारा बदला जा रहा है। जिसमें कई सिक्योरिटी फीचर भी शामिल होंगे, जो फोटो स्टेट से कॉपी होने पर दिखाई नहीं देंगे और न ही स्कैन हो सकेंगे, जिससे नए आरसी का प्रयोग किसी भी जालसाज द्वारा किसी गलत कार्य में प्रयोग नहीं किया जा सकेगा। अफसरों की माने तो इस नए आरसी से वाहन स्वामियों को कई फायदे भी होंगे। माइक्रो चिप और क्यूआर कोड की सहायता से वाहन मालिक, चालक या वाहन के बारे में पूरा रिकॉर्ड निकाला जा सकेगा। साथ ही आपात स्थिति पर पुलिस या कोई अन्य व्यक्ति आरसी के पीछे लिखे नंबर पर संपर्क कर सकेगा। वहीं, क्यूआर कोड सही या गलत को हैंडी ट्रैकिंग डिवाइस से रीड किया जा सकेगा, जो यातायात पुलिस और प्रवर्तन दल के पास होगा।
कोट =
आरसी का गलत प्रयोग रोकने के लिए मुख्यालय द्वारा बदलाव किया जा रहा है। माइक्रो चिप और क्यूआर कोड से लैस होने पर आरसी के फर्जीवाड़े पर पूरी तरह से लगाम लग जाएगी। मुख्यालय द्वारा इस योजना को वित्तीय वर्ष से शुरू किया जा सकता है।
- मोहम्मद कय्यूम, एआरटीओ प्रशासन