अब चेकिंग रिपोर्ट में नहीं हो पाएगा खेल, जारी होंगे रिपोर्ट प्रपत्र
बुलंदशहर। पावर कारपोरेशन में अब चेकिंग के नाम पर खेल नहीं चल पाएगा। शासन की ओर से अब एक ही तरीके के प्रपत्र जारी किए जाएंगे। फरवरी माह से सभी जेई नई चेकिंग रिपोर्ट के प्रपत्र के साथ दिखाई देंगे। इसमें विजलेंस और जेई को एक ही सीरियल नंबर के प्रपत्र जारी किए जाएंगे।
पावर कारपोरेशन जांच अभियान को अब मजबूती देने वाला है। इसके लिए शासन स्तर पर पूरी तैयारी की जा रही है। पहले जांच के बाद उपस्थित प्रपत्र भर दिया जाता था और बाद में उपभोक्ता से ‘समझौता’ होने के बाद उस प्रपत्र को फाड़ दिया जाता था। यही हाल विजिलेंस का भी था। लेकिन अब शासन स्तर से अवर अभियंताओं और विजिलेंस को एक ही प्रपत्र दिया जाएगा। जिसमें एक ही सीरियल नंबर भी होगा। इसका अब कोई भी दुरुपयोग नहीं कर पाएगा। बिजली अफसरों के अनुसार अभी तक विजिलेंस और अवर अभियंताओं के पास अलग-अलग तरह की चेकिंग रिपोर्ट के प्रपत्र होते थे। बताया जा रहा है कि शासन स्तर से जारी होने वाले नई चेकिंग रिपोर्र्ट प्रपत्र फरवरी माह तक अवर अभियंताओं को दे दिए जाएंगे।
----------------
अभी तक चेकिंग रिपोर्ट प्रपत्र में होता था खेल
कारपोरेशन के सूत्रों ने बताया कि अभी तक जेई चेकिंग रिपोर्ट भरने में खेल कर देते थे। चेकिंग रिपोर्ट को बाद मेें फाड़ दिया जाता था, लेकिन अब सीरियल नंबर एक होने के कारण दिक्कत हो जाएगी।
कोट
पूरे प्रदेश में बिजली चोरी की चेकिंग रिपोर्ट के एक जैसे प्रपत्र तैयार हो रहे हैं। पहले पावर कारपोरेशन और विजिलेंस टीम के चेकिंग रिपोर्ट प्रपत्र अलग-अलग होते थे लेकिन अब सभी के पास प्रपत्र एक जैसे होंगे। - जसवीर सिंह, निरीक्षक एंटी पावर थेप्टी पुलिस थाना
कोट
नए प्रपत्र फरवरी तक आने की उम्मीद हैं। जैसे ही वह आ जाएंगे वैसे ही अवर अभियंताओं को सौंप दिए जाएंगे। आरपीएस तोमर, चीफ इंजीनियर