यूपी में अब मदरसा शिक्षकों को भी मिलेगा शिक्षक पुरस्कार
बुलंदशहर। शासन ने अरबी फारसी मदरसों के शिक्षक-शिक्षिकाओं को राज्य अध्यापक पुरस्कार से पुरस्कृत करने की योजना बनाई है। प्राइमरी व अन्य स्तर के मदरसों में शिक्षण कार्य कर रहे तीन-तीन शिक्षकों का चयन किया जाना है। 31 जनवरी तक आवेदन जमा किए जाएंगे।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अम्रिता सिंह ने बताया कि राज्यानुदानित मदरसों के प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों को पत्र भेजकर अवगत कराया जा रहा है कि शिक्षकों को पुरस्कृत करने की योजना के अंतर्गत शैक्षिक क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों को ध्यान में रखते हुए अनुदानित तहतानिया प्राइमरी स्तर, फौकानिया अपर प्राइमरी स्तर, आलिया माध्यमिक स्तर के मदरसों में शिक्षण कार्य कर रहे तीन-तीन शिक्षकों अर्थात कुल नौ शिक्षकों को चयनित कर उन्हें राज्य अध्यापक पुरस्कार प्रदान किए जाने पर विचार किया गया है। जनपद स्तर से संस्तुति के पश्चात प्रदेश स्तर पर चयनित होने पर ही पुरस्कार मिलेगा। चयनित शिक्षकों को राज्य परिवहन निगम की बसों पर चार हजार किमी की निशुल्क यात्रा सुविधा पुरस्कार प्राप्त करने के उपरांत एक वर्ष तक के लिए अनुमन्य होगी।