नरौरा में बांसीघाट पर तैयारियों का जायजा लेते प्रभारी मंत्री अशोक कटारिया।
- फोटो : BULANDSHAHR
विकास कार्यों में अनियमितता पर अशोक कटारिया ने कहा कि इस बार कार्रवाई की संस्तुति, अगली बार बैठक से भेजे जाऐंगे जेल
बुलंदशहर। जिला पंचायत के सभागार में आयोजित दिशा की बैठक में विकास कार्यों में अनियमितता पर प्रभारी मंत्री अशेक कटारिया भड़क गए। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस बार तो कार्रवाई के निर्देश दे रहा हूं, अगली बैठक में काम में लापरवाही मिलने पर एफआईआर कराकर जेल भेज दिया जाएगा। बीएसएनएल की सेवाएं बाधित होने पर जीएम बीएसएनएल के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए गए। वहीं, कई सड़कों को गड्ढा मुक्त न किए जाने पर पीएमजीएसवाई और पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन पर भी कार्रवाई का निर्देश प्रभारी मंत्री ने दिया।
बृहस्पतिवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित दिशा की बैठक में प्रभारी मंत्री अशोक कटारिया और सांसद भोला सिंह ने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। कृषि विभाग के कार्यो की समीक्षा में राजकीय कृषि बीज भंडार अनूपशहर पर बीजों का भुगतान करने की समीक्षा की। जिसमें डाटा फीडिंग करने वाले संविदा पर कार्यरत कर्मचारी द्वारा अनियमितता बरतने की शिकायतों को गंभीरता से लिया। जिसे तत्काल हटाने के निर्देश दिये गये। समीक्षा के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा बीएसएनएल की सेवायें बाधित होने पर शिकायत करने के बावजूद भी सेवायें सही रूप से उपलब्ध नहीं कराये जाने पर जीएम बीएसएनएल के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश प्रभारी मंत्री द्वारा दिये गये। बैठक में अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि यदि कार्यों में लापरवाही बरती जाती है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल योजना की समीक्षा में ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित एवं निर्मित परियोजनाओं में से कुछ के बंद होने पर नाराजगी जताई। उन्हें शीघ्र संचालित करने के निर्देश के साथ ही डीपीआरओ को निरीक्षण करने के निर्देश दिये गये। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अन्तर्गत लंबित प्रकरणों का निस्तारण शीघ्रता से करने के निर्देश दिए। बैठक में दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण ज्योति योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन समेत अनेकों योजनाओं की समीक्षा कर लक्ष्यपूर्ति के निर्देश दिए। डीएम रविन्द्र कुमार द्वारा प्रभारी मंत्री एवं सांसद को आश्वस्त करते हुए कहा कि समीक्षा के दौरान दिये गये आदेशों का पालन अधिकारियों से कराया जायेगा। यदि अधिकारियों द्वारा कार्यो को समय के अन्तर्गत गुणवत्ता के साथ पूरा नहीं किया जाता है तो ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। बैठक में विधायक समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।