शुक्रवार शाम सर्दी से बचाव को अलाव तापते लोग।
- फोटो : BULANDSHAHR
बारिश के बाद चली शीतलहर, जनजीवन अस्तव्यस्त
बुलंदशहर। बारिश होने के बाद शुक्रवार को धूप निकलने पर लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली। धूप निकलने से न्यूनतम के साथ अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज हुई। जबकि, शाम और रात के समय सर्द हवाएं चलने से ठिठुरन रही। मौसम विभाग ने शनिवार को तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
बृहस्पतिवार को बारिश से सर्दी का प्रकोप जनपद में बढ़ गया था। सर्द हवाओं के चलते लोगों की कंपकंपी छूट रही थी। शुक्रवार सुबह के बाद मौसम साफ हो गया। धूप निकलने से अधिकतम तापमान के साथ न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि हुई। दोपहर के समय लोग अपनी छतों और घरों के सामने धूप में बैठे नजर आए। हालांकि रात और सुबह के समय कड़ाके की ठंड अभी जारी है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अब मौसम में परिवर्तन होगा। अब भी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में सर्दी का असर फिर से बढ़ सकता है। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ. विवेकराज ने बताया कि मौसम विभाग द्वारा 14 जनवरी से 18 जनवरी तक बर्फीली हवाओं के साथ बारिश होने का अलर्ट जारी किया जा चुका है। शनिवार को बारिश या तेज हवाओं का सामना करना पड़ सकता है।