कलक्ट्रेट में खड़ी एसडीएम की गाड़ी से उतारी गई नीली बत्ती।
- फोटो : BULANDSHAHR
अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने एसडीएम की गाड़ियों से उतरवाई नीली बत्ती
बुलंदशहर। एसडीएम की गाड़ियों पर नीली बत्ती की खबर अमर उजाला में प्रमुखता से प्रकाशित की गई। जिसको लेकर जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए बत्ती हटवा दी है।
वीआईपी कल्चर खत्म करने के लिए पीएम मोदी ने एक पहल की थी। जिसमें सभी अधिकारियों और नेताओं की गाड़ियों से नीली और लाल बत्ती उतारने का आदेश दिया था। आदेश को फॉलो भी किया गया, लेकिन हनक के चलते कई अधिकारियों ने अपनी गाड़ियों से नीली बत्ती नही हटाई थी। सारे जनपद में वह नीली बत्ती लगी गाड़ियों से फर्राटा भरते नजर आते थे। यहां तक कि कुछ एसडीएम की गाड़ियां कलक्ट्रेट परिसर में ही खड़ी नजर आती थी। जिनपर खुलेआम नीली बत्ती लगी रहती थी। पता नहीं उस ओर किसी अधिकारी का ध्यान गया या नहीं, लेकिन बत्ती नही हटी। बृहस्पतिवार को अमर उजाला में हनक, नीली बत्ती के नाम से प्रकाशित समाचार के बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में एसडीएम की गाड़ियों से बत्ती हटवा दी गई।
शासन के आदेश का पूरी तरह से पालन किया जाएगा। बत्ती हटा दी गई है, और निर्देश भी दे दिया है कि आगे से बत्ती न लगाई जाए। - रवींद्र कुमार, एडीएम प्रशासन