जेठ और नंदोई पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी विवाहिता के साथ उसके जेठ व नंदोई के द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने ससुरालीजनों पर अतिरिक्त दहेज का भी आरोप लगाया है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी पीड़ित विवाहिता ने बीते दिनों नगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि 21 जुलाई 2018 को उसका निकाह क्षेत्र के ही एक व्यक्ति से हुआ था। निकाह में उसके परिजनों ने पर्याप्त दान-दहेज दिया था, लेकिन ससुरालीजन निकाह में मिले दहेज से खुश नहीं थे। वह अतिरिक्त दहेज के रूप में कार व नगदी की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर पीड़िता का उत्पीड़न किया जा रहा था। पीड़िता के अनुसार उसे कई बार भूखा रखा गया और मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। एक पुत्री होने के बाद भी उसका उत्पीड़न जारी रहा। ससुरालीजनों ने उसके पति को भी कहीं भेज दिया और उसके कई बार पूछने के बावजूद जानकारी नहीं दी। आरोप है कि गत 15 अगस्त 2019 को जेठ एवं नंदोई उसके कमरे में घुस आए और उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। पीड़िता के विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। जब उसने ससुरालीजनों से शिकायत की तो उसे मारपीट कर मासूम बच्ची के साथ ससुराल से निकाल दिया गया। पीड़िता की शिकायत पर नगर पुलिस ने आरोपी पति, जेठ, देवर और उसके साथी समेत आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। नगर कोतवाली प्रभारी अरुणा राय ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।