रोक के बावजूद बिक रहा चाइनीज मांझा
बुलंदशहर। मकर संक्रांति को लेकर जिले के बाजारों में जगह-जगह पतंग की दुकानें सज गई हैं। जिनपर प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की भी बिक्री हो रही है। जबकि पतंग उड़ाते समय सतर्कता न बरतने पर आकर्षक दिखने वाले मांझे से लोग घायल भी हो सकते हैं। वहीं, चाइनीज मांझा पूर्व में कई लोगों के साथ आकाश में उड़ने वाले पक्षियों को भी घायल कर चुका है। लोगों ने इस मकर संक्रांति पर चाइनीज मांझे का प्रयोग न करने की अपील भी की है। जिससे बेजुबान पक्षियों को बचाया जा सके।
मकर संक्रांति पर अन्य जनपदों के साथ बुलंदशहर में भी पतंगबाजी का चलन है। इस दिन युवाओं की भीड़ खुले मैदानों में उमड़ती है और पतंगबाजी करती है। मगर मई वर्षों से चाइनीज मांझा पतंगबाजी के शैकीनों के लिए मुसीबत बन रहा है। जो पतंगबाजों से लेकर सड़कों पर गुजरते लोगों को घायल कर रहा है। वहीं, आकाश में उड़ने वाले पक्षियों की जान तक ले रहा है। मगर कोई भी इसे लेकर गंभीर नहीं है और अभी भी जिले की कई दुकानों पर चाइनीज मांझे की बिक्री की जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि चाइनीज मांझा बेहद खतरनाक है। असल में डोर को काटने के लिए इसमें लेड जैसे खतरनाक तत्व मिला दिए जाते हैं। यह पतंग उड़ाने वाले के लिए भी खतरनाक है। समाजसेवी संजय गोयल ने बताया कि चाइनीज मांझा रेशम का होता है। इस धागे पर कांच का पाउडर लगाकर उसे चमकदार बनाया जाता है। इसका धागा टूटता नहीं बल्कि खींचता है। साथ ही कभी-कभी इसका प्रयोग मनुष्य के साथ पक्षियों के लिए जानलेवा साबित होता है। इससे बचने के लिए लोगों को चाइनीज मांझे का प्रयोग नहीं करना चाहिए।
---------
इस तरह बरतें सावधानी
- मांझे से उंगलियों और हथेलियों को बचाने के लिए टेप का प्रयोग करें या दस्तानें का प्रयोग कर सकते हैं।
- पतंग उड़ाने के लिए खुले मैदान को ही प्राथमिकता दे।
- जिस छत पर पतंग उड़ाए तो यह सुपिश्चित करें कि उस पर रेलिंग जरूर हो।
- छत के किनारों के बजाए बीच में खड़े होकर पतंग उड़ाए।
- सड़क पर पतंगबाजी करने से बचें। इसके अलावा सड़क पर चलते हुए पतंग या डोर न लूटे।
- बाजार में चाइनीज मांझे की जगह सामान्य धागे का मांझा खरीदे। अभिभावक भी अपने बच्चों को चाइनीज मांझे से दूर रखे।
- पतंग के कहीं उलझने या टकराने पर उसे खींचने की कोशिश न करें, इससे संबंधित वस्तु को नुकसान होने के साथ ही खुद के हाथ में भी चोट लग सकती है।