यूपी में कचहरी परिसर में पति ने दिया तीन तलाक
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में गत तीन जनवरी को कचहरी गेट के निकट विवाहिता को उसके पति ने तीन तलाक दे दिया और अभद्रता व मारपीट करते हुए आरोपी अपने साथियों संग वहां से भाग निकला। पीड़िता ने मामले में शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई न होने पर एसएसपी को पत्र भेजकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। गुलावठी थाना क्षेत्र के गांव मिट्ठेपुर निवासी रुकसार पुत्री मकसूद ने तहरीर देकर एसएसपी को बताया कि उसका निकाह गाजियाबाद के घंटाघर क्षेत्र निवासी एक युवक के साथ हुआ था। निकाह में मायके पक्ष ने हैसियत से अधिक दान दहेज भी दिया था। लेकिन, आरोपी ससुरालीजन निकाह में मिले दहेज से खुश नहीं थे। वह अतिरिक्त दहेज के रूप में कार व नगदी की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर पीड़िता का उत्पीड़न किया जा रहा था। यह मामला भी जिला न्यायालय में विचाराधीन चल रहा है। गत तीन जनवरी को पीड़िता तारीख पर जिला न्यायालय आई हुई थी। पीड़िता ने बताया कि तारीख से लौटने के दौरान कचहरी के गेट पर आरोपी पति व अन्य साथियों ने उसे वहां रोक लिया। साथ ही आरोपी पति ने अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपी पति उसे तीन तलाक बोलकर व हत्या की धमकी देकर भाग निकला। पीड़िता ने मामले की शिकायत नगर कोतवाली पुलिस से की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं, अब पीड़िता ने एसएसपी से मामले में न्याय की गुहार लगाई है।