देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती के साथ उसके मंगेतर व साथी ने सामूहिक दुष्कर्म किया। साथ ही आरोपियों ने उसकी अश्लील फोटो व वीडियो भी बना ली। वहीं, अब आरोपी युवक शादी करने से इंकार कर रहा है। साथ ही शिकायत करने व शादी का दबाव बनाने पर युवती के फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दे रहा है। पीड़िता ने अब एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने सोमवार को एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि उसने अपनी पुत्री की शादी करीब छह माह पूर्व अनूपशहर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ तय की थी। इस कारण उक्त मंगेतर पीड़िता के घर आना जाना लगा रहता था। गत 30 दिसंबर 2019 को पीड़िता व उसका पति घर से बाहर एक रिश्तेदारी में गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर आरोपी मंगेतर अपने एक साथी के साथ पीड़िता के घर में घुस आया।
आरोपी मंगेतर ने इस दौरान अपने साथी के साथ मिलकर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। साथ ही उसके अश्लील फोटो खींचे और वीडियो भी बना ली। इसके बाद आरोपी हत्या की धमकी देकर भाग निकला। परिजनों के लौटने पर पीड़िता ने पूरे मामले की जानकारी दी।
परिजनों ने आरोपी युवक से जब शादी के बाबत बात की तो आरोपी ने शादी करने से इंकार कर दिया है। साथ ही अब आरोपी दबाव बनाने पर हत्या करने व वादिया की पुत्री की अश्लील वीडियो व फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दे रहा है। तभी से परिजन भयभीत हैं। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने मामले में आरोपी युवक व उसके साथी के खिलाफ पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।