पुलिस से नाराज ग्रामीणों ने थाने पर किया प्रदर्शन
खानपुर। थाना क्षेत्र के गांव नयाबांस में बीत दिनों हुई चोरी की वारदात का खुलासा ना होने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त था। गुस्साए ग्रामीणों ने बुधवार को थाने पर विरोध प्रदर्शन किया।
बता दें कि गत 19 दिसम्बर को क्षेत्र के गांव नयाबांस निवासी जितेन्द्र पुत्र तारा सिंह के घेर से अज्ञात चोर 250 चैन सेट बाइक व गांव में जनप्रतिनिधियों द्वारा लगाई चार सोलर लाइट चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने घटना के तीन दिन बाद मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जल्द ही राजफाश की बात कही थी। लेकिन वारदात को छह दिन से अधिक का समय बीत चुका है। लेकिन, पुलिस की जांच चार कदम पर जाकर ही थम गई है। दूसरी ओर पीड़ित जितेन्द्र सिंह ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि दो दिन पूर्व ग्रामीणों के स्वयं के प्रयास से चोरी का सुराग लगाने की कोशिश की और तीन संदिग्ध लोगों को माल के साथ पुलिस को सौंप दिया था। इसके बावजूद भी थाना खानपुर पुलिस की कार्यशैली संदिग्ध है। अगर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर घटना का खुलासा नहीं किया गया तो ग्रामीण वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के समक्ष शिकायत करेंगे।