देर रात तक नगर कोतवाली में डटे रहे डीएम-एसएसपी
बुलंदशहर। नगर कोतवाली के ऊपरकोट क्षेत्र में शुक्रवार को हुए बलवे के बाद पुलिस-प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा हुआ है। देर रात तक डीएम-एसएसपी समेत अन्य अफसर नगर कोतवाली में डटे रहे। साथ ही आला अधिकारियों को पल-पल की अपडेट देते नजर आए। पुलिस ने फिलहाल स्थिति को नियंत्रण में ले लिया है और क्षेत्रभर में पुलिस का कड़ा पहरा खड़ा कर दिया है, जिससे किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
बता दें कि शुक्रवार दोपहर को नगर के ऊपरकोट इलाके में हजारों की संख्या में जुटे बलवाईयों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान उन्होंने देहात कोतवाली की सरकारी गाड़ी समेत एक स्कूटी में आग लगा दी थी। साथ ही रोड पर खड़ी स्थानीय लोगों की दर्जनों गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई। इसके साथ ही आरोपियों ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग की थी। करीब डेढ़ घंटे के उपद्रव के बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रण में लिया था। साथ ही इसके बाद देर शाम को आईजी आलोक कुमार व कमिशभनर अनीता सी मेश्राम ने भी घटनास्थल का दौरा कर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए थे। जिसके बाद देर रात तक डीएम रविंद्र कुमार, एसएसपी संतोष कुमार सिंह समेत अन्य आला अफसर मौके पर जुटे रहे। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। अधीनस्थाें को निर्देशित कर दिया गया है। पल-पल की अपडेट आला अधिकारियों को भी दी जा रही है। साथ ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई एक्शन में लाई जा रही है।