अफवाहों पर न दें ध्यान, विवेक का करें इस्तेमाल
बुलंदशहर। डीएम और एसएसपी की संयुुक्त प्रेस वार्ता में जिलाधिकारी ने अफवाहों पर ध्यान न देने और अपना विवेक इस्तेमाल करने की अपील की। सोशल मीडिया की अफवाहों से दूर रहने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील की है कि जनपद का माहौल न बिगड़ने दें।
सोमवार को अपने कार्यालय पर डीएम रविंद्र कुमार ने नागरिकता संशोधन बिल (सीएबी) के बारे में सोशल मीडिया पर चल रहीं अफवाहों पर ध्यान न देने को कहा है। डीएम ने कहा कि जनपद आप सभी का है, इसे संभालना भी आप लोगों का ही काम है। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने कहा कि जनपद का माहौल न बिगड़ने दें, माहौल बिगड़ा तो नुकसान जनपद वासियों का ही होगा। बताया कि साइबर सेल सोशल मीडिया पर हो रही विवादित पोस्ट पर नजर रख रही हैं। असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी, कार्रवाई बिलकुल निष्पक्षता के साथ होगी। डीएम ने बताया कि जनपद में धारा 144 लागू है। सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का जुलूस और प्रदर्शन बर्दास्त नहीं किया जाएगा। वहीं, पराली जलाने को लेकर सुप्रीम कोर्ट का हवाला देते हुए कार्रवाई की बात की। डीएम ने गोशालाओं की वास्तविक हालात के बारे में जानकारी देने के लिए कहा। बताया कि गोवंशों को किसी भी हालत में मरने नहीं दिया जाएगा। अगर गोशाला की हालत खराब मिली को संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आवारा पशुओं को भी सड़क व खेतों से हटाने के लिए निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
डीएम रविंद्र कुमार ने नागरिक संशोधन बिल लागू होने, जाम की समस्या एवं प्रदूषण के संबंध में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलक्ट्रेट स्थित एनआइसी कार्यालय पर कंट्रोलरूम बनाया है। जिसका नंबर 05732-282828 है। इसमें 16 से 30 दिसंबर तक चकबंदी व अन्य विभाग के अधिकारियों व कर्मियों की तैनाती की गई है। डीएम ने जनपदवासियों से अपील की है कि कोई भी घटना संदिग्ध प्रतीत हो तो सीधे कंट्रोल रूम पर शिकायत दर्ज कराएं।