माध्यमिक शिक्षा परिषद ने जिले में 30 दिसंबर से यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, जिले के स्कूलों में अभी तक परीक्षा के आयोजन को लेकर तैयारियां अधूरी हैं। लैब में जहां व्यवस्थाएं नहीं की गई है। साथ ही सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगाए गए हैं।
बता दें कि 18 फरवरी से यूपी बोर्ड की लिखित परीक्षाएं शुरू होगी। इससे पूर्व माध्यमिक शिक्षा परिषद ने दूसरे चरण में 30 दिसंबर से परीक्षार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराने के निर्देश दिए हैं। परीक्षाओं के लिए न तो अभी तक कॉलेजों में कोई तैयारी दिख रही है और न ही छात्र-छात्राओं द्वारा फाइलों को लेकर तैयारी की जा रही है। विभागीय सूत्रों की मानें तो करीब 70 फीसदी से अधिक कॉलेजों में छात्र-छात्राओं की फाइल से लेकर अन्य व्यवस्थाओं की तैयारी अधूरी पड़ी है। जबकि इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा परिषद की सचिव नीना श्रीवास्तव द्वारा प्रयोगात्मक परीक्षा से पूर्व तैयारियां पूर्ण करने के आदेश दिए थे।
सीसीटीवी कैमरे भी लगने नहीं हुए शुरू
यूपी बोर्ड परीक्षा की तरह प्रयोगात्मक परीक्षाएं भी सीसीटीवी कैमरे के बीच आयोजित कराई जाएंगी। साथ ही अन्य नियमों का भी परीक्षक को पालन करना होगा। जिले में प्रयोगात्मक परीक्षाएं जहां 30 दिसंबर से शुरू होगी। वहीं, अभी तक अधिकांश स्कूल-कॉलेज में सीसीटीवी कैमरे तक लगाने की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है।
सभी स्कूल/कॉलेजों में प्रयोगात्मक परीक्षा के आयोजन को लेकर निर्देश दिए जा चुके हैं। जल्द ही टीम बनाकर परीक्षा केंद्र बने स्कूल/कॉलेजों का निरीक्षण किया जाएगा। परीक्षा के आयोजन से पूर्व सभी तैयारियां पूर्ण करा ली जाएगी। - आरके तिवारी, डीआईओएस