डीएनए टेस्ट में तीनों दरिंदों की हुई पुष्टि, सीमन रिपोर्ट बाकी
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र से करीब दो वर्ष पूर्व नाबालिग छात्रा को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या करने वाले तीनों आरोपियों का डीएनए टेस्ट मैच हो गया है। बता दें कि पुलिस ने आरोपियों के बाल कार से बरामद किए थे। जिन्हें जांच के लिए लैब भेज दिया गया था। लखनऊ लैब से आई रिपोर्ट में साफ हो गया है कि तीनों आरोपियों के ही बाल बरामद कार से मिले थे। अब आगरा से सीमन रिपोर्ट आनी अभी बाकी है।
सीओ सिटी राघवेंद्र मिश्रा ने बताया कि छात्रा का अपहरण करके सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की गई थी। उसी समय आरोपियों को गिरफ्तार करके घटनास्थल पर ले जाया गया था। कार व घटनास्थल से उनके बाल मिले थे। वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छात्रा के शरीर पर नाखून के निशान भी मिले थे, जिनके फोरेंसिक टीम ने सैंपल लिए थे। इन सैंपल को डीएनए के लिए लखनऊ फोरेंसिक लैब में भेजा गया था। करीब एक सप्ताह पूर्व लखनऊ से आई रिपोर्ट में सिकंदराबाद निवासी आरोपी जुल्फिकार, इजराइल, दिलशाद के बालों का मिलान हो गया है। जिससे साफ है कि तीनों आरोपियों ने छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और फिर बाद में उसकी हत्या कर दी। हालांकि अभी सीमन रिपोर्ट आगरा लैब से आना बाकी है। जिसके लिए एसएसपी स्तर से रिमांइडर भी बीते दिनों भेजा गया है। साथ ही बता दें कि यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। मामले में अभी तक करीब सात गवाहों की गवाही हो चुकी है। अब अंतिम गवाही उन डॉक्टरों के पैनल की होनी है। जिन्होंने छात्रा का पोस्टमार्टम किया था। इसके बाद इस मामले में फैसला जल्द ही आने की उम्मीद जताई जा रही है।