कालाआम की सड़क धंसी, प्रशासनिक अमले के साथ पहुंचे डीएम
बुलंदशहर। बुधवार को नगर के कालाआम चौराहे के करीब की सड़क धंस गई। जिसकी शिकायत पर डीएम रविंद्र कुमार अपने साथ एडीएम रवींद्र कुमार और जल निगम के एक्सईएन को लेकर मौके पर पहुंच गए। वहां पर उपस्थित सीवर लाइन के ठेकेदार को जमकर फटकार लगाई और दस दिन में कालाआम से स्याना अड्डा रोड तक की सड़क ठीक करने का आदेश दिया। वहीं, उपस्थित नगर कोतवाल को दस दिन बाद सड़क ठीक न होने पर ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का भी निर्देश दिया।
बता दें कि नगर में सीवर लाइन डालने का काम काफी समय से चल रहा है। इसको लेकर पूर्व में लोगों को बहुत परेशानी का भी सामना करना पड़ा है। जिसकी शिकायतें आए दिन डीएम के पास आ रही थी। बुधवार को कालाआम से डिप्टीगंज जाने वाली सड़क धंसने की सूचना डीएम को मिली तो बृहस्पतिवार को डीएम रविंद्र कुमार अपने साथ एडीएम प्रशासन रवींद्र कुमार जल निगम के एक्सईएन एसके शर्मा को लेकर मौके पर पहुंचे। वहां के हालात देखकर डीएम विफर गए और संबंधित ठेकेदार को जमकर फटकार लगाई। इसके बाद डीएम ने कभी पैदल तो कभी गाड़ी से स्याना रोड तक गए। वहां पर भी कई स्थानों पर सड़क का हाल बुरा मिला और काम में कई खामियां मिली। जिससे डीएम खासे नाराज हुए और जल निगम के एक्सइएन से भी नाराजगी जताई। डीएम ने सीवर लाइन का काम करने वाले ठेकेदार को दस दिन के अंदर सारी अव्यवस्थाएं सुधारने का आदेश दिया और वहां पर उपस्थित कोतवाल अरुणा राय से दस दिन में सड़क व अन्य खामियां दुरुस्त नहीं हुई तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए।
----------
अतिक्रमण हटाकर सड़क चौड़ी करने का दिया आदेश
कालाआम से डीएम सीधे डीएवी तिराहे पर पहुंचे और वहां पर फ्लाईओवर पर मिल रही जाम व अन्य शिकायतों का निरीक्षण किया। डीएम ने सेतु निगम के अधिकारियों से फ्लाईओवर पर अव्यवस्थाओं को दुरस्त करने का निर्देश दिया। काफी समय से वहां ब्रिज के टूटे हुए पत्थर को हटवाने का भी निर्देश दिया। वहीं, सेतु निगम के अधिकारियों से फ्लाईओवर पर विद्युत खंभे दुरुस्त कराकर प्रकाश व्यवस्था सहीं कराने का भी आदेश दिया। जाम की समस्या को देखते हुए फ्लाईओवर के नीचे बाइपास की ओर जाने वाले रास्ते पर जमा अतिक्रमण हटाकर सर्विस रोड को की पैमाइश कराकर चौड़ीकरण का पालिका के अधिकारियों को आदेश दिया।
-------
पीडब्ल्यूडी को दोनों छोर पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश
डीएम ने फ्लाईओवर के दोनों छोर का निरीक्षण किया और एक्एईएन पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन को वहां पर दोनों ओर सीसीटीवी कैमरे लगाने का भी निर्देश दिया। वहीं, दोनों ओर की तरह से बने गैप को भी बंद करने को कहा।