घर में घुसकर विवाहिता के साथ दुष्कर्म, रिपोर्ट दर्ज
जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार देर रात एक विवाहिता के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित महिला द्वारा शोर मचाने पर जागे परिजनों ने आरोपी युवक को पकड़कर धुनाई कर पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस ने हिरासत में लिए गए आरोपी युवक का चालान कर दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार की देर रात वह घर में अपनी ननद के साथ सो रही थी। देर रात्रि पड़ोस में ही रहने वाले युवक धर्मेंद्र पुत्र वीरपाल सिंह घर में घुस आया और विवाहिता के साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने पीड़ित महिला को मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के दौरान पीड़िता की ननद जाग गई और दोनों ने मिलकर शोर मचा दिया। शोर सुनकर बाकी परिजन भी जाग गए और आरोपी को धर दबोचा। मौके पर पकड़े गए आरोपी की पीड़िता के परिजनों ने जमकर धुनाई भी की और आरोपी युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पीड़ित महिला को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। साथ ही आरोपी युवक धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पीड़ित महिला की तहरीर मिल गई है। महिला को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर धर्मेंद्र के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। - विवेक शर्मा, कोतवाली प्रभारी जहांगीराबाद