नगर कोतवाली में धरना प्रदर्शन करते जेई संगठन के पदाधिकारी।
- फोटो : BULANDSHAHR
डीएम साहब की मीटिंग में कटी बिजली तो पुलिस ने जेई को थाने बुलाया, प्रदर्शन
बुलंदशहर। जनपद में बिजली कटौती पर डीएम के सख्त रुख अपनाने पर जेई संगठन ने विरोध किया है। एक जेई को थाने बुलाने पर जेई संगठन के पदधिकारियों ने कोतवाली में हंगामा किया। रात में संगठन के पदधिकारियों की सुपुर्दगी में जेई को देकर पुलिस ने उन्हें शांत कराया।
बिजली की आंख मिचौली से जनपद के सभी लोग परेशान रहते हैं। बिजली की ट्रिपिंग पर डीएम की नाराजगी पावर कारपोरेशन ने तीन दिन पहले ही देख ली थी, जब डीएम ने कलक्ट्रेट परिसर में बिजली की ट्रिपिंग होने पर अंसारी रोड बिजलीघर के जेई नागर को हटाने का आदेश दिया था। इसके बाद अंसारी रोड बिजलीघर पर श्रीराम जेई की तैनाती कर दी गई। इसके बाद भी हालत सुधरे नहीं, शनिवार को बैैठक के दौरान एक बार फिर लाइट चली गई। इस पर डीएम ने पुलिस को जेई को समझाने के निर्देश दिए। वहीं, जेई संगठन के पदाधिकारी ज्योति भास्कर सिन्हा ने बताया कि शनिवार को सुबह 11.40 से 11.45 तक ट्रिपिंग हो गई। उनका आरोप है कि इस पर डीएम ने नगर कोतवाली पुलिस से संबंधित जेई को हिरासत मे लेने के लिए कहा। नगर पुलिस ने श्रीराम जेई को हिरासत मे ले लिया। इसके बाद शाम को नगर मजिस्ट्रेट का फोन कोतवाली पहुंचा और जेई को सुपुर्दी में छोड़ने को कहा गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने जेई को संगठन के सुपुर्दगी में सौंप दिया है। वहीं, नगर कोतवाल अरूणा राय ने बताया कि जेई को संगठन की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।
कोट
जब कलक्ट्रेट में जिला स्तरीय बैठक के दौरान कटौती की जा रही है तो आम आदमी का क्या हाल होता होगा। बिजली की ट्रिपिंग न हो इसके लिए जेई को समझाने के लिए बुलाया गया था। साथ ही जनपद में लोगों को परेशानी न हो इसका पूरा प्रयास किया जा रहा है। - रविंद्र कुमार, डीएम