मदनलाल हत्याकांड: मृतक का सिर और पैर नहीं हो सका बरामद
बुलंदशहर। सफाई नायक हत्याकांड का राजफाश होने के बाद भी पुलिस अब तक मृतक का सिर व पैर बरामद नहीं कर सकी है। पुलिस लगातार नहर और आस पास के क्षेत्र में खोजबीन कर रही है। लेकिन, शव के शेष अंगों को बरामद करना चुनौती साबित हो रहा है।
बता दें कि खुर्जा नगर के नयागंज मोहल्ला निवासी मदनलाल चावला (57) पुत्र श्री किशन बुलंदशहर नगर पालिका में सफाई नायक के पद पर तैनात थे। मंगलवार को वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। मामले में बृहस्पतिवार दोपहर को परिजन ऊपरकोट स्थित नगर कोतवाली पहुंचे और फिर मुकुट लाल, देवीदास, गंगाशरण व मुकुट की पत्नी निर्मला निवासीगण मोहम्मदपुर कलां, थाना सिकंदराबाद के खिलाफ तहरीर दी थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहनता से जांच पड़ताल की। इस दौरान पुलिस ने आरोपियाें के घर पहुंच कर मुकुटलाल, देवीदास व निर्मला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने मदन चावला की हत्या की बात कुबूल कर ली। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने हत्या के बाद शव के टुकड़े कर गंगनहर में फेंक दिए, साथ ही कुछ हिस्सा नहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिया था। पुलिस ने झाड़ियों से शव के टुकड़े बरामद कर पोस्टमार्टम को भेज दिए थे। जबकि, शव के अन्य टुकड़ों को वारदात के 48 घंटे बाद भी बरामद नहीं किया जा सका है। पुलिस सिर और कटे पैर तलाशने के लिए एड़ीचोटी का जोर लगाए हुए है। लेकिन, बरामदगी कड़ी चुनौती साबित होती नजर आ रही है। साथ ही पुलिस फरार आरोपी गंगाशरण की तलाश में भी लगी हुई है, लेकिन अभी तक उसकी गिरफ्तारी भी नहीं हो सकी है।