बोर्ड परीक्षा में अदला-बदली रोकेंगी ‘कोड’ वाली कॉपियों
बुलंदशहर। यूपी बोर्ड परीक्षा में नकल माफियाओं पर शिकंजा कसने के लिए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने कॉपियों पर कोडिंग की व्यवस्था की है। नई व्यवस्था में परीक्षार्थी को मिलने वाली रंग-बिरंगी कॉपी के हर पन्ने पर कोड अंकित होंगे। जिन्हें परीक्षक रजिस्टर में परीक्षार्थी का रोल नंबर, नाम और कॉपी कोड के साथ अंकित करेंगे। जिससे किसी संदेश की स्थिति में रजिस्टर से मिलान किया जा सके। कोडिंग और रंग-बिरंगी कापी की व्यवस्था से कॉपियों की अदला-बदली पूरी तह रोकी जा सकेगी।
बोर्ड परीक्षा में नकल पर अंकुश लगाने के लिए परिषद इससे पहले परीक्षा केंद्र के कक्षों में सीसीटीवी कैमरे व वाइस रिकार्डिंग अनिवार्य कर चुका है। साथ ही इस बार प्रत्येक परीक्षा में अलग-अलग रंग की कापी देने के भी आदेश दिए हैं। वहीं, अब कॉपियों के पन्नों की अदला-बदली रोकने के लिए बोर्ड ने कोड वाली कॉपियां जारी की हैं। कॉपियों का आवंटन जिले में परीक्षा केंद्र निर्धारण होने के बाद जल्द शुरू कर दिया जाएगा। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों को कॉपियां क्रम में मिले। इसके लिए शिक्षा परिषद ने डीआईओएस को आदेश दिए हैं।
एडीआईओएस पूरन सिंह ने बताया कि पहली बार बोर्ड द्वारा प्रत्येक परीक्षा में रंग-बिरंगी पुस्तिका का नियम बनाया है। साथ ही कापी के साथ कोड की भी व्यवस्था होगी। इससे कापी को किसी भी परीक्षार्थी या नकल माफिया द्वारा बदला ना जा सके। बोर्ड की इस पहल से परीक्षा में पारदर्शिता भी आएगी।