विद्याज्ञान में प्रवेश परीक्षा 24 को
बुलंदशहर। सिकंदराबाद क्षेत्र स्थित विद्याज्ञान स्कूल में आगामी वर्ष के प्रवेश के लिए 24 नवंबर को आयोजित होने वाली परीक्षा की तैयारी पूर्ण कर ली गई हैं। प्रवेश परीक्षा के लिए जिले के चार स्कूलों को केंद्र बनाया गया है। परीक्षा में करीब तीन हजार से अधिक परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे।
विद्याज्ञान स्कूल में प्रवेश के लिए बोर्ड द्वारा प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाता है। परीक्षा में सफल होने पर छात्रों को स्कूल प्रबंधन द्वारा निशुल्क शिक्षा दी जाती है। इस बार सिकंदराबाद में अग्रसेन इंटर कॉलेज, खुर्जा में एसएमजेईसी इंटर कॉलेज और नगर के राजकीय कन्या इंटर कॉलेज समेत हजरतपुर स्थित छत्रपति शिवाजी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा में परिषदीय स्कूलों में कक्षा पांच में पढ़ने वाले करीब तीन हजार से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक आरके तिवारी ने बताया कि 24 नवंबर को आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। चारों परीक्षा केंद्र के प्रधानाचार्यों का अवगत कराया जा चुका है।