शौहर ने फोन पर दिया पत्नी को तीन तलाक
गुलावठी। मोहल्ला रामनगर चांद मस्जिद निवासी एक विवाहिता को उसके पति ने फोन पर तीन तलाक दे दिया। महिला ने अपने पति समेत पांच लोगों के विरूद्ध गुलावठी थाने में दहेज उत्पीड़न के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर महिला की रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला रामनगर चांद मस्जिद निवासी महिला जीनत पुत्री साबुद्दीन ने रिपोर्ट में कहा है कि उसकी शादी नेहरू कॉलोनी फरीदाबाद हरियाणा निवासी युनूस पुत्र रियाजुद्दीन के साथ करीब 11 वर्ष पूर्व हुई थी। शादी में काफी दान दहेज दिया था, लेकिन ससुरालिए खुश नहीं थे। दो लाख रुपये की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट करते थे तथा उसका उत्पीड़न करते थे। दहेज की मांग को लेकर उसके ससुरालियों ने मारपीट कर करीब चार माह पूर्व घर से निकाल दिया। महिला के अनुसार दिनांक 12 नवंबर 2019 को उसके पति का उसके पास फोन आया तथा पति ने उसे फोन पर तीन तलाक दे दिया। महिला ने थाने में तहरीर दी, परंतु पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। तब महिला ने एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।