अब बिजली का बिल जमा कराने पर मिलेगी छूट
बुलंदशहर। पावर कारपोरेशन अपने बकाएदारों के लिए आसान किश्त योजना जारी की है। इसमें भी एक साथ तीन हजार रुपये तक का बिल जमा करने पर सरचार्ज में भी छूट देने की योजना हैं। इस बात की जानकारी चीफ इंजीनियर आरपीएस तोमर ने दी।
सोमवार को बिजली चीफ इंजीनियर आरपीएस तोमर ने बताया कि पावर कारपोरेशन ने राजस्व वसूली के लिए योजना आरंभ की है। इसमें उनके दस हजार रुपये तक के बकाएदारों को बड़ी राहत दी है। इस योजना का नाम आसान किश्त योजना हैं। इसमें उपभोक्ता अगर एकमुश्त रकम नहीं जमा कर सकता है तो इसके लिए उसे राहत देते हुए शहरी बकाएदारों को 12 किश्त में और ग्रामीण उपभोक्ताओं को 24 किश्त में बकाया चुकाने का मौका दिया गया है। बताया कि यह योजना 11 नवंबर से 21 दिसंबर तक ही लागू रहेगी। इसके बाद बकाएदारों को यह मौका नहीं दिया जाएगा। पावर कारपोरेशन के 10 हजार रुपये तक के करीब 3 लाख 50 हजार 202 उपभोक्ता हैं। वहीं, चीफ इंजीनियर ने बताया कि तीन हजार रुपये तक के बकाएदारों को भी कारपोरेशन ने छूट दी है। इसमें वह अपना तीन हजार तक का बकाया एकमुश्त जमा करेंगे तो उनको सरचार्ज में छूट दी जाएगी। इस अवसर पर एसई सुनील कुमार, रामवीर सिंह, आरपी सिंह, एक्सईएन तरुण पाठक, गुलाब सिंह, महेश चंद्र, विनय कुमार आदि उपस्थित रहे।