दानपुर ग्राम प्रधान, बीडीओ और वीओ पर होगी कार्रवाई
बुलंदशहर। गांव दानपुर की गोशाला में हुई गायों की मौत के मामले में बरती गई लापरवाही के मामले में सीडीओ ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने क्षेत्र के बीडीओ, पशु चिकित्सा अधिकारी और ग्राम प्रधान पर कार्रवाई के लिए संस्तुति कर रिपोर्ट बनाकर डीएम को भेज दी है। सीडीओ की इस कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है।
पिछले कई दिन पहले गांव दानपुर की गोशाला में तीन गायों की मौत हो गई थी। जबकि जिम्मेदारों ने उन्हें दफनाने में लापरवाही बरती तो साथ ही उन्हें खुले में फेंक दिया था। इसका पता जब ग्रामीणों को लगा तो उन्होंने संबंधित अधिकारियों आदि को सूचना दी। इसके बाद भी किसी ने सुध नहीं ली थी। आखिर में डिबाई तहसीलदार हीरालाल सैनी ने घटनास्थल पर पहुंचकर गोवंश को दफनाने का काम किया था। जबकि इस पूरे मामले से संबंधित अधिकारियों ने पल्ला झाड़ लिया था। समाचार पत्रों में समाचार प्रकाशित होते ही डीएम ने इसकी जांच के लिए सोमवार सीडीओ को गांव दानपुर भेजा। सीडीओ की जांच में बीडीओ, पशु चिकित्सा अधिकारी और ग्राम प्रधान की लापरवाही सामने आई थी। साथ ही यह भी खुलासा हुआ था कि गोशाला ब्लॉक कार्यालय के ठीक सामने हैं। ग्राम प्रधान गांव में न रहकर गाजियाबाद में रहती है। उनका एक प्रतिनिधि ही गांव के काम देखता है। इस पर सीडीओ ने बीडीओ को निलंबित करते हुए पशु चिकित्सा अधिकारी और ग्राम प्रधान को नोटिस जारी कर दिया था। अब सीडीओ ने बीडीओ लोकेंद्र कुमार, पशु चिकित्सा अधिकारी सतेंद्र कुमार और ग्राम प्रधान प्रीति सिंह के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति कर रिपोर्ट डीएम रविंद्र कुमार को भेज दी है।
कोट
गोवंश की मौत के मामले में लापरवाही सामने आने पर अब बीडीओ, पशु चिकित्सा अधिकारी और ग्राम प्रधान पर कार्रवाई की संस्तुति कर रिपोर्ट डीएम को भेज दी है। जबकि इससे पहले निलंबन और नोटिस जारी करने की कार्रवाई पहले ही की जा चुकी है। - सुधीर कुमार रुंगटा, मुख्य विकास अधिकारी, बुलंदशहर।