सुरक्षा को लेकर न्यायिक कार्यों से विरत रहे वकील
बुलंदशहर। अधिवक्ताओं की हत्याओं के विरोध में बार महासचिव के नेतृत्व में वकीलों का एक पैनल बृहस्पतिवार को डीएम कार्यालय पहुंचा। वकीलों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम कार्यालय में दिया। आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार वकीलों की सुरक्षा को लेकर बिलकुल चिंतित नहीं है। इस दौरान अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे।
महासचिव विकास चौधरी ने कहा कि प्रदेश में आए दिन अधिवक्ताओं की निर्मम हत्या हो रही है। इस ओर प्रदेश सरकार का बिलकुल ध्यान नहीं है। प्रदेश के सभी अधिवक्ता अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। सरकार ने अधिवक्ताओं को कोई ठोस सुरक्षा नहीं दी है। मृतक अधिवक्ताओं के परिजनों को भी कोई आर्थिक सहायता नहीं दी गई है। इसके विरोध में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत होकर प्रदेश सरकार से अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। इस अवसर पर अधिवक्ता बबीता रानी, संजीव तोमर, सरफराज गाजी, शेखर और धमेंद्र खालौर आदि मौजूद रहे।