पुलिस वेरिफिकेशन के नाम पर घूंस मांग रहा दारोगा निलंबित
बुलंदशहर। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को अनूपशहर कोतवाली में तैनात एक दारोगा को घूस मांगने के आरोप में प्रारंभिक जांच में दोषी पाए जाने पर निलंबित कर दिया है। साथ ही उसकी जांच सीओ को सौंप दी है। एसएसपी ने बताया कि अनूपशहर के गांव मौजपुर निवासी भिक्की गिरी पुत्र धर्मपाल गिरी फोन कर अवगत कराया था कि थाना अनूपशहर में तैनात उपनिरीक्षक राकेश कुमार उसके लड़के की पुलिस वेरिफिकेशन करने घर आए थे और 5 हजार रुपये की मांग की थी। रुपये न देने पर धमकी दी थी कि उसके लड़के को मिर्गी आती है, जैसी रिपोर्ट बनाकर प्रेषित कर देंगे। पीड़ित ने इस संबंध में एक वीडियो एसएसपी के व्हाटसऐप पर भी भेजा था, जिसमें आरोपी दारोगा राकेश कुमार यह कहते नजर आ रहे हैं कि पैसे न देने पर लड़के को मिर्गी आती है। एसएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दारोगा के दोषी पाए जाने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया है। साथ ही मामले की जांच सीओ अनूपशहर को सौंप दी गई है।