भाकियू ने हाईडिल कॉलोनी पर तालाबंदी कर किया प्रदर्शन
बुलंदशहर। पावर कॉरपोरेशन अफसरों की तानाशाही से परेशान भाकियू कार्यकर्ताओं ने किसानों संग हाईडिल कॉलोनी पर तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। इस दौरान एससी और एक्सईएन को धूप में बिठाकर समस्याओं के समाधान की मांग की। भाकियू कार्यकर्ताओं ने यह प्रदर्शन बिना सूचना बिजली कनेक्शन काटने पर रोक लगाने की मांग को लेकर किया।
बता दें कि शासन के निर्देश पर पावर कॉरपोरेशन बकाया वसूली को लेकर गांवों और शहरों में अभियान चला रहा है। इस दौरान बकाया बिल जमा न कराये जाने पर कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, विभाग के कर्मचारियों द्वारा कनेक्शन काटने के साथ किसानों पर एफआईआर दर्ज कराने पर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष मांगेराम त्यागी के नेतृत्व में हाईडिल स्थित एससी कार्यालय पर तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। इस दौरान एससी रामवीर सिंह, एससी सुनील कुमार, एससी आरजी सिंह और एक्सईन जितेश कुमार को कार्यालय के बाहर धूप में बैठाकर समस्याओं से अवगत कराया। मंडल अध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने बताया कि किसानों का अभी तक गन्ने का भुगतान नहीं हुआ है। गन्ने का भुगतान मिलने पर किसानों द्वारा बिजली बिल जमा करा दिया जाएगा, लेकिन पावर कॉरपोरेशन के अधिकारी और कर्मचारी बिना सूचना दिए किसानों के कनेक्शन काटने की कार्रवाई कर रहे हैं। साथ ही कुछ किसानों पर झूठी एफआईआर भी दर्ज करा दी गई हैं। जिससे किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भाकियू की महिला जिलाध्यक्ष संजू चौधरी ने बताया किसानों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना सूचना कनेक्शन काटने और गन्ना भुगतान होने से पूर्व अभियान चलाने पर अफसरों के कार्यालय पर प्रदर्शन कर आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में पंकज शर्मा, हरवीर सिंह, बाबा जीत सिंह, जौनी, नरेश पाल, अनुज त्यागी, मनीकरण और राजेश आदि समेत सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
कोट
शासन के निर्देश पर अभियान चलाया जा रहा है। अभियान चलाने के दौरान वीडियोग्राफी कराई जा रही है। किसान थोड़ा बिल जमा कर कनेक्शन काटने की कार्रवाई से बच सकते है। - आरपीएस तोमर, चीफ इंजीनियर पावर कॉरपोरेशन