ट्रैक्टर ने कार में मारी टक्कर, तीन पुलिसकर्मी घायल
औरंगाबाद। अगौता क्षेत्र के गांव अकबरपुर रैना में मंगलवार की सुबह एक ट्रैक्टर ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार तीन पुलिसकर्मी घायल हो गये। घटना की सूचना पर पहुंची अगौता पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल पुलिसकर्मियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
बता दें कि मंगलवार की सुबह थाना बीबीनगर में तैनात कांस्टेबल राहुल कुमार अपने दो साथी दीपक और शाहजेब पुलिसकर्मियों के साथ कार से बुलंदशहर जा रहे थे। गांव अकबरपुर रैना के पास पहुंचने पर सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने कार में टक्कर मार दी। जिसमें तीनों पुलिसकर्मी घायल हो गये और कार का आगे वाला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। खेतों में काम कर रहे लोगों ने मौके पर पहुंचकर बामुश्किल घायल पुलिसकर्मियों को कार से बाहर निकाला। घटना की सूचना पर पहुंची अगौता पुलिस ने ट्रैक्टर को चालक सहित गिरफ्तार करने के बाद घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिये जिला अस्पताल भेजवाया। इंस्पेक्टर अगौता सुरेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर चालक सुमित कुमार पुत्र भगवान सिंह निवासी किसौली को ट्रैक्टर समेत गिरफ्तार कर लिया गया है।
फोटो कैप्शन - अगौता में ट्रैक्टर की टक्कर से क्षतिग्रस्त हुई पुलिस की कार।
----------
एक सप्ताह के भीतर किसानों के नलकूपों से 5 मोटर चोरी
औरंगाबाद। औरंगाबाद क्षेत्र में एक सप्ताह के अंदर गांव दौलताबाद, ईलना, रजवाना, आदि गांवों में अज्ञात चोरों ने आधा दर्जन नलकूपों को निशाना बनाकर बिजली की 5 मोटर चोरी करके ले गये। मोहल्ला अजीजाबाद निवासी निजाम पुत्र बाबू की नलकूप से, वहीं गांव ईलना निवासी जसवंत सिंह और श्यौदान की नलकूपों से दो मोटर चोरी कर ली। गांव दौलताबाद में भी तीन नलकूपों से बिजली की मोटर चोरी हो गई थी। उधर गांव रजवाना के जंगलों से हाईटेंशन लाइन के चार पोलों के तारों को चोर काटकर ले गये। चोरों के आतंक को लेकर किसानों में भय व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस रात्रि के समय ग्रामीण क्षेत्र में गश्त ही नहीं करती है। पीड़ित किसानों ने बताया कि थाने में तहरीर दिये जाने के बावजूद भी पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। इंस्पेक्टर औरंगाबाद अवधेश त्रिपाठी से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।