सिंचाई विभाग में घमासान, बाबू ने अधिकारी पर लगाया उत्पीड़न का आरोप
बुलंदशहर। सिंचाई विभाग के एक बाबू ने प्रशासनिक अधिकारी पर जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने और मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए एक्सईएन से शिकायत की है। आरोप है कि पीड़ित बाबू अपना उपचार कराने के लिए मेडिकल लीव की मांग कर रहा था।
सोमवार को बुलंदशहर खंड गंग नहर बुलंदशहर (बीडीजीसी) विभाग का माहौल एकाएक गर्म हो गया। विभाग के बाबू राजकुमार और एक अधिकारी के बीच नोकझोंक हो गई। राजकुमार ने बताया कि वह गंभीर बीमारी से पीड़ित होने के बाद 17 सितंबर को अपने 58 दिवस के चिकित्सा अवकाश का अवशेष वेतन भुगतान कराए जाने के संबंध में अधिकारी से वार्ता की थी। इस पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपना बीजक उपखंड तैयार करें तभी भुगतान होगा। बाबू ने आरोप लगाया कि उन्होंने अधिकारी से कहा कि उसकी माली हालत बहुत खराब है इसलिए उसका भुगतान जल्द कर दिया जाए। आरोप है कि इस पर प्रशासनिक अधिकारी नाराज हो गए और उसे जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए वहां से भाग जाने को कहा। बाबू ने आरोप लगाया है कि उसका मानसिक उत्पीड़न भी किया जा रहा है। इस संबंध में एक्सईएन रविंद्र कुमार से बात करने की कोशिश की तो उन्होंने फोन रिसीव नही किया।