अब बुलंदशहर के चार लाख परिवारों को अब नहीं मिलेगा केरोसिन
बुलंदशहर। जनपद में चार लाख से अधिक परिवारों को अब केरोसिन नहीं मिलेगा। इन परिवारों के पास बिजली और घरेलू गैस कनेक्शन हैं। शासन के आदेश पर विभाग का सर्वे पूरा हो गया है और इसकी रिपोर्ट भी भेज दी है।
बता दें कि केंद्र सरकार की फूड सिक्योरिटी योजना के तहत पात्र परिवारों को सरकारी राशन बहुत कम राशि पर देने का प्रावधान है। इसके साथ ही अब तक इन परिवारों को सरकारी राशन की दुकानों से केरोसिन का भी वितरण सरकारी रेट पर किया जाता रहा। पिछले दिनों शासन ने जनपद को प्राप्त होने वाले केरोसिन में कटौती कर दी थी। साथ ही आदेश दिया था कि अब ऐसे परिवारों को केरोसिन का वितरण नहीं किया जाएगा, जिनके घर बिजली और घरेलू गैस कनेक्शन हैं। इस आदेश के बाद विभाग की ओर से जनपद में योजना में शामिल 6.10 लाख परिवारों का सर्वे किया। इस सर्वे के बाद सामने आया है कि जनपद में चार लाख से अधिक परिवारों के पास बिजली और घरेलू गैस कनेक्शन हैं। यह सर्वे पिछले एक माह से अधिक समय से चल रहा था। इस सर्वे के पूरा होने पर विभागीय अधिकारियों ने रिपोर्ट बनाकर शासन और विभाग को भेज दी है। अफसरों का कहना है कि अब इन परिवारों को राशन की दुकान से मिलने वाला केरोसिन नहीं मिलेगा।
-----------
डीलर को करवाई जाएगी सूची उपलब्ध
जनपद में जिन चार लाख परिवारों के घर बिजली और घरेलू गैस कनेक्शन मिले हैं। उनकी सूची सभी राशन डीलरों को उपलब्ध करवाई जाएगी। बताते चले कि जनपद में 1426 सरकारी राशन की दुकान संचालित हैं। इनका संचालन करने वाले डीलरों को उनके क्षेत्र में आने वाले ऐसे परिवारों की सूची जल्द पहुंच जाएगी।
---------
शासन के आदेश पर फूड सिक्योरिटी योजना के पात्र परिवारों का सर्वे पूरा हो गया है। इस सर्वे में चार लाख से अधिक परिवार ऐसे पाए गए हैं, जिनके यहां पर बिजली और घरेलू गैस कनेक्शन है। अब इन परिवारों को राशन की दुकान से वितरित किए जाने वाला केरोसिन नहीं मिलेगा।
- केबी सिंह, जिला आपूर्ति अधिकारी, बुलंदशहर