परफॉरमेंस ग्रांट के लिए ग्राम पंचायतों की आय स्रोत का होगा ऑडिट
बुलंदशहर। ग्राम पंचायतों को परफॉरमेंस ग्रांट प्राप्त करने के लिए अब आय के स्रोत का ऑडिट भी कराना होगा। इसके बाद लेखा परीक्षक द्वारा पास होने के बाद इस योजना के लिए ग्राम पंचायतों के आवेदन को आगे की प्रक्रिया के लिए भेजा जाएगा।
केंद्र सरकार ने ग्राम पंचायतों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने और प्रतिस्पर्धा के चलते इसमें और तेजी लाने को लेकर परफॉरमेंस ग्रांट की व्यवस्था कर रखी है। इसके तहत सरकार मानकों पर खरा उतरने वाले चयनित गांवों को 14वें वित्त के तहत भारी भरकम धनराशि उपलब्ध कराती है। वित्तीय वर्ष 2016-17 के लिए सरकार ने ग्राम पंचायतों से फिर आवेदन मांगे हैं। मानक अनुसार ग्राम पंचायतों द्वारा स्वयं की आय के आधार पर ही योजपना का लाभ मिल सकेगा। इसके लिए ग्राम पंचायतों को आय के स्रोत का प्रमाणपत्र देना होगा। पंचायती राज विभाग ने शासन के आदेश पर किसी भी प्रकार के आरोप-प्रत्यारोप से बचने के लिए पंचायतों द्वारा दिए गए प्रमाणपत्र में बताए गए आय के स्रोतों को आडिट करने के निर्देश दिए हैं। यह ऑडिट पंचायती राज विभाग के लेखा परीक्षक द्वारा किया जाएगा। इसके बाद ही आवेदन पत्र को आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा। जिला पंचायत राज अधिकारी अमरजीत सिंह ने बताया में परफॉरमेंस ग्रांट के लिए ग्राम पंचायतों से आवेदन मांगे गए हैं। इस बार पंचायतों को स्वयं के आय का प्रमाणपत्र देना होगा। प्रमाणपत्र में बताए गए आय के स्रोत का ऑडिट कराया जाएगा।