नाले पर अवैध कब्जा, गांव में गंदगी की भरमार
अनूपशहर। क्षेत्र के गांव बिचौला में आजकल नाले पर अवैध कब्जा है। जबकि गांव में गंदगी की भरमार है। इससे ग्रामीण खासे परेशान हैं। यह स्थिति तब है, जबकि ग्राम प्रधान ने कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायत दे दी। बावजूद इसके अभी तक समस्या तो दूर होना दूर की बात, किसी भी अधिकारी ने संज्ञान नहीं लिया है।
बता दें कि क्षेत्र का गांव बिचौला में इस समय पानी निकासी जी का जंजाल बनी हुई है। बताया गया कि गांव से बाहर तालाब में जाने वाले नाले पर कुछ ग्रामीणों ने कब्जा कर लिया है। इसके चलते गांव के घरों तक का पानी तालाब तक नहीं पहुंच रहा है। इसके चलते पानी नालियों से गलियों में जमा हो जाता है, जो कीचड़ में तबदील होने के साथ ही ग्रामीणों की कई समस्याएं बढ़ा देता है। इस समस्या से ग्रामीणों को हर समय मच्छरों से बीमारी होने का भी खतरा मंडराता रहता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से नाले को कब्जा मुक्त कराते हुए गांव का पानी तालाब तक पहुंचाने की मांग की है।
बोले ग्रामीण...
गांव में नालियां बनी हैं, लेकिन पानी निकासी न होने के कारण वह गलियों में भर जाता है। जो बाद में कीचड़ का रूप धारण कर परेशानी और बढ़ा देता है। - पवन चौधरी
कई बार प्रधान के साथ प्रशासनिक अधिकारियों को इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की गई। बावजूद इसके अभी तक समस्या को दूर करने की किसी भी अधिकारी ने जहमत नहीं उठाई है। - अजयपाल शर्मा।
गांव में यह समस्या कई वर्षों से है। कुछ लोगों ने नाले पर कब्जा कर इस समस्या को और बढ़ा दिया है। यदि इससे जल्द निजात नहीं मिली तो इसका खामियाजा ग्रामीणों को ही भुगतना पड़ेगा। - नेत्रपाल सिंह चौधरी।
गांवों को स्वच्छ और साफ-सुथरा करने की बात जिला प्रशासन की ओर से समय-समय पर की जाती है। जबकि गांव की इस समस्या को जानकर भी अफसर दूर करवाने में असमर्थ साबित हो रहे हैं। -संगीत कुमार, पूर्व जिला पंचायत सदस्य ।
कोट...
गांव से बाहर तालाब तक पानी के लिए नाले पर ग्रामीणों ने कब्जा कर रखा है। इसकी शिकायत मेरी ओर से कई बार अफसरों को दी गई। इसी तरह की शिकायत एक अक्तूबर को भी दी गई थी। बावजूद इसके किसी अधिकारी ने अभी तक समस्या को दूर करने का प्रयास नहीं किया है। - संजय कुमार शर्मा, प्रधान, गांव बिचौला।
बिचौला गांव की इस समस्या के बारे में जानकारी नहीं मिली है। यदि गांव में यह समस्या है तो इसे जल्द दूर करवाया जाएगा। समस्या दूर करवाने के लिए क्षेत्र के संबंधित अधिकारियों से भी बात की जाएगी। - अमरजीत सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी, बुलंदशहर।