निर्माणाधीन गोशाला का ताला तोड़कर लाखों की चोरी
शिकारपुर। सलेमपुर थाना क्षेत्र के गांव चित्सौन स्थित एयरफोर्स से रिटायर्ड कर्मचारी की निर्माणाधीन गोशाला के बंद कमरे का ताला तोड़कर चोरों ने शुक्रवार तड़के लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। पीड़ित ने मामले में तहरीर देकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
सलेमपुर थाना क्षेत्रके गांव चित्सौन निवासी बृजेश कुमार शर्मा पुत्र मोमराज शर्मा एयर फोर्स से सेवानिवृत्त हैं। बताया गया कि वह गांव में गोशाला का निर्माण करा रहे हैं तथा वही रह रहे हैं। बृजेश ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे वह पास में ही स्थित मंदिर की परिक्त्रस्मा करने के लिए परिवार सहित गए थे। परिक्त्रस्मा करने के बाद जैसे ही वह वापस कमरे पर लौटे तो कमरे में रखी अलमारी का गेट खुला देख कर वह दंग रह गए। अलमारी में रखा सामान बिखरा था। उन्होंने बताया कि चोरों ने आलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे 11 लाख रुपए की नकदी और करीब 100 ग्राम सोने के जेवरात चोरी कर लिए। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाना सलेमपुर में तहरीर दे दी गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को दबोच कर राजफाश कर दिया जाएगा।