धोखाधड़ी कर हड़पे तीन लाख, रिपोर्ट दर्ज
बुलंदशहर। बीबीनगर थाना क्षेत्र के गांव सैदपुर निवासी प्रियंका पुत्र ओमवीर ने बीते दिनों न्यायालय में याचिका दायर कर बताया था कि गांव टियाना निवासी विजय मास्टर पुत्र धर्मवीर का उसके घर आना था। वर्ष 2014 में आरोपी विजय मास्टर ने पीड़िता की मां से नौकरी लगवाने के एवज में तीन लाख रुपये की मांग की थी। यह तीन लाख रुपये पीड़िता की मां ने आरोपी को बुलंदशहर नगर कोतवाली के चांदपुर रोड निवासी अनिल पुत्र चंद्रपाल के आवास पर वर्ष 2014 में दे दिए थे। साथ ही आरोपियों ने इस दौरान पीड़िता की मां से पासपोर्ट साइज फोटो व अन्य प्रमाण पत्र भी ले लिए थे। आरोप है कि समय बीतने के साथ आरोपियों ने न तो रुपये वापस किए और न ही काम कराया। रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने पीड़ित पक्ष को हत्या की धमकी भी दी थी। साथ ही आरोपियों ने पीड़िता का फर्जी बैंक अकाउंट खोलकर उसके चेक भी वितरीत कर दिए हैं। पीड़िता की शिकायत पर उस दौरान पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। वहीं, अब नगर कोतवाल अरुणा राय ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर न्यायालय के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।